पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या से जुड़े मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. सीबीआई ने उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर पुलिस के साथ मिलकर एक शख्स को गिरफ्तार किया है. पुलिस और सीबीआई की संयुक्त टीम ने सोमवार (18 मई) को हत्याकांड के आरोपी शूटर राजकुमार सिंह को दबोच लिया है. आरोपी बलिया का रहने वाला है.
सीबीआई की टीम मुजफ्फरनगर पुलिस के साथ मिलकर काम रही थी. आरोपी राजकुमार हरिद्वार से दिल्ली भागने की फिराक में थे, लेकिन तभी सीबीआई और यूपी पुलिस की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे 58 के छपार टोल प्लाजा से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी का असली नाम राजकुमार सिंह है, लेकिन उसे सभी राज सिंह के नाम से जानते हैं. शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में यह सबसे अहम आरोपी माना जा रहा है.
पीए हत्याकांड में अब तक चार हो चुके हैं गिरफ्तार
शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या ने पूरे बंगाल को हिलाकर रख दिया. इस घटना की चर्चा देश में भी रही. अहम बात यह है कि सीबीआई को अभी तक इस हत्याकांड का मोटिव समझ नहीं आ सका है. हत्याकांड के मामले में अब तक कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. आरोपी राजकुमार सिंह को मंगलवार (19 मई) को कलकता कोर्ट में पेश किया जाएगा. इस हत्याकांड में बंगाल पुलिस ने पहले तीन गिरफ्तारी की थी. तीनों आरोपी 23 मई तक सीबीआई की कस्टडी में हैं. अब सीबीआई ने एक और गिरफ्तारी कर ली है.
आरोपी के पिता ने क्या-क्या बताया
उत्तर प्रदेश के बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र के रत्तूपुर गांव निवासी राजकुमार सिंह कि यह दूसरी गिरफ्तारी है. इस मामले में रविवार को एसटीएफ की टीम राजकुमार सिंह के पैतृक घर पर पहुंची थी और परिजनों से पूछताछ कर वापस चली गई थी. इस मामले पर आरोपी के पिता त्रिभवन नारायण सिंह ने कहा, ‘आज पौने सात बजे के करीब सूचना मिली कि मुजफ्फरनगर से CBI के कोई ऑफिसर फोन किए थे कि राजकुमार सिंह को कस्टडी में लिया है. मुकदमा संख्या 2026 करके बता रहे थे. उन्होंने कहा कि राजकुमार को कोर्ट में पेश करेंगे.’
बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद शुभेंदु के पीए की कर दी गई थी हत्या
बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रकांत रथ की छह मई को मध्यग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के दो दिन बाद हुई थी. बंगाल सरकार के अनुरोध के बाद सीबीआई ने पश्चिम बंगाल पुलिस से रथ की हत्या मामले की जांच अपने हाथ में ले ली.
यह भी पढ़ें : बाघ जैसी कानूनी सुरक्षा, फिर भी शिकार! ‘दो-मुंहे’ सांप का हो रहा था काला कारोबार, जानें कैसे हुआ भंडाफोड़
