Bihar News: पटना में 25 करोड़ की ‘ब्राउन शुगर’ बरामद, मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, पुलिसकर्मी भी शामिल


बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने मादक पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई की है. पुलिस ने भारी मात्रा में ड्रग्स बनाने के कच्चे माल सहित करीब 21 किलो ‘ब्राउन शुगर’ (स्मैक) बरामद की है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्त की गई खेप की कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. इस मामले में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है और सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस ड्रग्स सिंडिकेट में बिहार पुलिस के एक जवान की संलिप्तता भी सामने आई है. पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बड़ी कामयाबी की जानकारी दी.

आलमगंज में चल रही थी नशे की ‘मिनी फैक्ट्री’

SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस पिछले कुछ समय से पटना क्षेत्र में सूखे नशे (Dry Drugs) के बढ़ते नेटवर्क की गुप्त जांच कर रही थी. इसी कड़ी में शुक्रवार को आलमगंज थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की गई. मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से शुरुआत में कुछ नकदी और 1.6 किलो ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद हुई. गिरफ्तार आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने एक ‘मिनी फैक्ट्री’ जैसी व्यवस्था का खुलासा किया, जहां इस नशे को तैयार किया जा रहा था.

हथियार, कारतूस और ब्लैंक चेक बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर जब पुलिस की टीम उस कारखाने (फैक्ट्री) पर पहुंची, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था. वहां से पुलिस ने करीब 20 किलो कच्चा माल (Raw Material) बरामद किया.कुल मिलाकर पुलिस ने उच्च गुणवत्ता वाली 21.018 किलो स्मैक जब्त की है. ड्रग्स के अलावा मौके से दो अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, कुछ खाली और हस्ताक्षरित (Signed) चेक भी बरामद किए गए हैं.

सिंडिकेट में बिहार पुलिस का जवान भी शामिल

इस पूरे मामले में एक बेहद गंभीर खुलासा यह हुआ है कि इस नशे के काले कारोबार में कानून के एक रक्षक की भूमिका भी सामने आई है. SSP शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया, “इस मामले की जांच में बिहार पुलिस से जुड़े एक व्यक्ति (जवान) का नाम सामने आया है. हम उसके खिलाफ पुख्ता सबूत और जानकारी जुटा रहे हैं. वह व्यक्ति फिलहाल फरार है, लेकिन उसे जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी पूछताछ की जाएगी.”

सप्लायर से लेकर सेलर तक पुलिस की रडार पर

पटना पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की तैयारी में है. SSP ने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस सप्लायर्स से लेकर सड़क पर इसे बेचने वाले ‘सेलर्स’ तक के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लिंक खंगाल रही है. सभी संदिग्ध पुलिस की रडार पर हैं और जल्द ही इस मामले में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *