मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के चलते दुनिया में गहराए तेल संकट के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है. दुनिया की सबसे अहम समुद्री लाइन मानी जाने वाली स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बने वैश्विक तनाव के बीच उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि यहां बारूदी सुरंगें बिछाने में सक्षम सभी ईरानी जहाजों को नष्ट किया गया है. उन्होंने तेल कंपनियों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का उपयोग करने की बात कही.
क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप की ओर से कहा गया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के कई समुद्री ठिकानो पर हमला कर माइन बिछाने वाले जहाजों को तबाह कर दिया है. न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक ट्रंप की ओर से यह भी अल्टीमेटम दिया गया है कि अगर ईरान भविष्य में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में माइंस बिछाने की कोशिश करता है या तेल टैंकरों की आवाजाही में रोड़ा डालता है तो उस पर बड़ी सैन्य कार्रवाई की जाएगी, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी.
‘ईरानी जहाजों को किया नष्ट’
स्काई न्यूज के मुताबिक ट्रंप ने कहा, ‘हम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बारूदी सुरंगें बिछाने में सक्षम सभी ईरानी जहाजों को नष्ट करने में सफल रहे हैं.’ जब ट्रम्प से पूछा गया कि क्या तेल कंपनियों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का उपयोग करना चाहिए तो उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि उन्हें करना चाहिए.’ आगे कहा कि हम ईरानी नौसेना को नष्ट करने में सफल रहे,हमें ईरान पर काम जारी रखना चाहिए.’ उन्होंने यह भी कहा कि मुझे संयुक्त राज्य अमेरिका के भीतर ईरान समर्थित किसी भी हमले की चिंता नहीं है.
अमेरिकी सेना ने जारी किया था वीडियो
बता दें इससे पहले अमेरिकी सेना की ओर से इससे जुड़ा एक वीडियो भी जारी किया गया था, जिसमें ईरानी जहाजों पर मिसाइल से हमला होता नजर आ रहा है. अमेरिका ने इस एक्शन को ऑपरेशन एपिक फ्यूरी का हिस्सा बताया, जिसका मकसद ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना है.अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरान के माइन बिछाने वाले जहाजों को निशाना बनाने की जानकारी दी गई थी.
