मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिमें 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है.
जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास घटी, जब मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. यह घटना बुधवार रात करीब 8.30 बजे हुई. पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक, लगभग 30 से 35 मजदूर सवार थे. वाहन पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया.
इस भीषण हादसे में अब तक 10-12 लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है. दुखद बात यह है कि मृतकों में बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं. वहीं, कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया. कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
