‘अमेरिका संग ट्रेड डील पर BJP की B टीम चुप’, AAP पर मल्लिकार्जुन खरगे का तंज, अरविंद केजरीवाल को बताया ढोंगी


पंजाब के बरनाला में कांग्रेस की ‘मनरेगा बचाओ संग्राम रैली’ को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है. खरगे ने आम आदमी पार्टी को भाजपा की बी टीम करार दिया. शराब घोटाले में बरी होने के बाद अरविंद केजरीवाल के भावुक होने पर तंज कसते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि रोने-धोने से कुछ नहीं होता है बल्कि लड़ाई लड़नी पड़ती है, जैसे राहुल गांधी लड़ रहे हैं. 

पंजाब में विधानसभा चुनाव का प्रचार का बिगुल फूंकते हुए खरगे ने कहा कि हमें पंजाब से बीजेपी और उनकी बी टीम आम आदमी पार्टी को उखाड़ फेंकना है. उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अमेरिका से जो व्यापार समझौता किया है, वह देश के किसानों के हित में नहीं हैं मगर बीजेपी की B टीम आम आदमी पार्टी इसे लेकर कुछ नहीं बोल रही है.

 

ईमानदार लोगों को बार-बार बोलने की जरूरत नहीं होती: खरगे

उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार देश को फिर से गुलाम बनाने का काम कर रही है और आम आदमी पार्टी इसके खिलाफ कुछ नहीं बोल रही है. अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि केजरीवाल बार-बार अपने आप को कट्टर ईमानदार बोलते रहते हैं जबकि किसी ईमानदार व्यक्ति को ऐसा बार-बार बोलने की जरूरत नहीं पड़ती है.

खरगे ने पीएम मोदी और केजरीवाल को बताया ढोंगी

उन्होंने कहा कि जिस तरह की बातें अरविंद केजरीवाल करते हैं वैसी ही बातें नरेंद्र मोदी भी किया करते थे और अपने आप को गरीब बताया करते थे. खरगे ने कहा कि यह ढोंगी लोग हैं. आप लोग इनके पीछे जाएंगे तो देश बर्बाद हो जाएगा. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा को खत्म करने का काम किया है मगर आम आदमी पार्टी इस पर भी चुप है. 

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *