बिहार के बोधगया में मंगलवार (28 अप्रैल, 2026) को बच्चों से भरी एक थार निरंजना नदी में गिर गई. सामने से आ रहे एक ऑटो को बचाने के प्रयास में वाहन (थार) अनियंत्रित हो गया और यह घटना हो गई. इस हादसे में ऑटो चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई. खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी.
जानकारी के अनुसार, जैन अमिताभ वेलफेयर ट्रस्ट के सचिव विक्रम सिंह अपने संस्था के बच्चों को थार से लेकर जा रहे थे. इसी दौरान बोधगया के पछट्टी पुल पर यह बड़ा हादसा हो गया. थार में सवार आठ बच्चे और विक्रम सिंह घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया. इसके बाद इलाज के लिए बोधगया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. यहां स्थिति को गंभीर देखते हुए पांच बच्चों और सचिव विक्रम सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया.
हर दिन गाड़ी से ही बच्चों को पहुंचाया जाता था घर
बताया जाता है कि संस्था के बच्चों को संस्था की ओर से ही पढ़ाने के बाद हर दिन गाड़ी से घर पहुंचाया जाता है. आज (मंगलवार) भी बच्चों को पहुंचाया जा रहा था तो रास्ते में यह घटना हो गई. वाहन में फंसे बच्चों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया.
यह भी पढ़ें- Nishant Kumar Yatra: ‘सद्भाव यात्रा’ के नाम से बिहार में घूमेंगे निशांत कुमार, शेड्यूल जारी, किस-किस जिले में जाएंगे?
घटना के बाद बोधगया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पहुंचे संस्था के विदेशी दानदाताओं ने मीडियाकर्मियों को वीडियो बनाने से रोक दिया. बता दें कि विदेशी दानदाताओं के द्वारा संस्था के जरिए बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाती है.
अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती छात्रा कंचन कुमारी ने बताया कि वह थार में पीछे बैठी थी. बैठने में समस्या हो रही थी तो आगे बैठने के लिए बोला. इसके बाद वह आगे बैठी. थोड़ी देर बाद थार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. दुर्घटना के बाद वह वाहन से दब गई. स्थानीय लोगों के द्वारा उसे बाहर निकाला गया.
यह भी पढ़ें- बिहार में बुलडोजर ऐक्शन: चिराग पासवान के बयान के बीच JDU का रिएक्शन, ‘जो भी सरकारी जमीन…’
