चैत्र नवरात्र के चलते जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है, बढ़ती भीड़ का आलम यह है कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन ने वैष्णो देवी की यात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया है. इस संबंध में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की तरफ से आधिकारिक बयान भी जारी कर दिया गया.
इस संबंध में श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने जारी बयान में बताया कि दिनांक 21 मार्च 2026 शनिवार को माता वैष्णो देवी गुफा और भवन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की वजह से यात्रा पर रोक लगा दी गई है. हालांकि, यह रोक अस्थाई है. श्राइन बोर्ड के मुताबिक, दोपहर बाद तक 39,000 श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी दर्शन किए हैं.
श्रद्धालुओं की भीड़ की वजह से यात्रा रुकी
श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक, माता वैष्णो देवी धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ की वजह से यात्रा रोक दी गई है. श्राइन बोर्ड ने देश भर से श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई है. श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा, “भवन में भारी भीड़ के कारण यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है.” आपको बता दें कि इस बार चैत्र नवरात्र 19 मार्च से शुरू हुई है जो 27 मार्च को समाप्त होगी.
रविवार से दोबारा शुरू होगी यात्रा
आधिकारिक बयान के मुताबिक, नवरात्रों में भारी भीड़ के चलते श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा अस्थाई रूप से रोकी गई. कटरा से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए यात्रियों का आंकड़ा 40000 के पार होते ही यात्रा पर रोक लगा दी गई है. हालांकि, श्राइन बोर्ड की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि रविवार सुबह करीब 4:00 दोबारा यात्रा खोली जाएगी. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है. हालांकि, राहत की बात यह है कि यात्रा रविवार से दोबारा शुरू कर दी जाएगी.
