फिनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर स्टब्ब की ‘भारत वाली बात’ अब इतनी वायरल हो गई है कि वो खुद हैरान हैं. हाल ही में लंदन के हाइड पार्क में उन्होंने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ सुबह की जॉगिंग की. दोनों अपनी पत्नियों सुजान इननेस स्टब्ब और डायना कार्नी के साथ दौड़ रहे थे. जहां भारत और बॉलीवुड फिल्म धुरंधर का किस्सा छिड़ गया.
स्टब्ब का ‘भारत वाली बात’ मामला क्या है?
स्टब्ब ने इस वीडियो को खुद X पर शेयर किया. उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘आइस हॉकी रिंक नहीं मिली, इसलिए हाइड पार्क में अच्छी मॉर्निंग रन. प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, डायना और सुजान के साथ.’
वीडियो में कार्नी ने स्टब्ब से मजाक में पूछा, ‘भारत में तुम्हारा वो इंस्टा वाला मामला कैसा रहा?’
स्टब्ब हंसते हुए बोले, ‘धुरंधर देखने के बाद तो बहुत बड़ा हो गया. फिर मुझे समझ आया कि ये कोई गेम नहीं है.’
दोनों नेता ठहाका मारकर हंस पड़े. ये छोटा सा क्लिप सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया और लोग इसे ‘धुरंधर इफेक्ट’ बुला रहे हैं.
No ice-hockey rinks available, so a nice morning run in Hyde Park with Prime minister @MarkJCarney, Diana and Suzanne. pic.twitter.com/frvOts0V6v
— Alexander Stubb (@alexstubb) March 17, 2026
स्टब्ब ने धुरधंर की बात क्यों और कैसे कही?
असल बात शुरू हुई थी स्टब्ब के भारत दौरे से. कुछ दिन पहले जब वो भारत आए थे, तब ANI को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया था, ‘भारत आने से पहले मेरे बेटे ने सुझाया कि धुरंधर देख लो. मैंने देखी. और हां, मैं आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का समर्थन करता हूं. 19 मार्च को आने वाले सीक्वल का इंतजार है.’
स्टब्ब के बेटे की सलाह और राष्ट्रपति का ये खुलकर कमेंट अब फिल्म को और भी ज्यादा पॉपुलर बना रहा है. लोग कह रहे हैं कि फिनलैंड के राष्ट्रपति खुद बोल रहे हैं तो ‘धुरंधर इफेक्ट’ सच में काम कर रहा है. एक तरफ दो बड़े देशों के नेता जॉगिंग करते हुए बॉलीवुड फिल्म की बात कर रहे हैं, दूसरी तरफ पूरा सोशल मीडिया इस पर चुटकी ले रहा है और शेयर कर रहा है. यह मामला बेहद हल्का-फुल्का और मजेदार है.
भारत के जासूसी मिशन पर बेस्ड है धुरंधर
फिल्म धुरंधर दिसंबर 2025 में रिलीज हुई थी. ये राजनीतिक जासूसी थ्रिलर है, जिसका निर्देशन आदित्य धर ने किया. इसमें रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर माधवन लीड रोल में हैं. फिल्म ने 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनने का रिकॉर्ड बनाया. एक्शन, जासूसी और जियोपॉलिटिक्स का मिक्स लोगों को बहुत पसंद आया. यह फिल्म भारत में तो खूब चली, विदेशों में भी चर्चा हुई.
अब इसका दूसरा पार्ट धुरंधर: द रिवेंज 19 मार्च 2026 को थिएटर में रिलीज होने वाला है. इसका ट्रेलर 7 मार्च को आया था और उसने भी जबरदस्त बज़ पैदा कर दिया.
