आईपीएल में चौके-छक्कों की बरसात ही इस लीग की असली पहचान है. हर साल नए खिलाड़ी आते हैं, नए रिकॉर्ड बनते हैं, लेकिन कुछ रिकॉर्ड ऐसे होते हैं जो सालों तक नहीं टूटते. ऐसा ही एक रिकॉर्ड है आईपीएल इतिहास के सबसे लंबे छक्के का.
125 मीटर का ‘मॉन्स्टर सिक्स’
आईपीएल के इतिहास में सबसे लंबा छक्का लगाने का रिकॉर्ड एल्बी मॉर्केल के नाम है. उन्होंने 2008 में खेले गए पहले ही सीजन में 125 मीटर लंबा छक्का जड़ दिया था. यह सिर्फ एक शॉट नहीं, बल्कि ऐसा कारनामा था जिसने बल्लेबाजी की ताकत की नई परिभाषा तय कर दी. हैरानी की बात ये है कि क्रिस गेल, एमएस धोनी और एबी डीविलियर्स जैसे बड़े हिटर्स भी इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाए हैं.
हर सीजन में किसने मारा सबसे लंबा छक्का?
आईपीएल के हर सीजन में एक खिलाड़ी ऐसा जरूर रहा जिसने सबसे लंबी हिट लगाकर सुर्खियां बटोरीं.
2009 में एडम गिलक्रिस्ट ने 122 मीटर का छक्का लगाया था. 2010 में रॉबिन उथप्पा ने 120 मीटर की हिट लगाई. 2011 में फिर गिलक्रिस्ट ने 122 मीटर का सिक्स जड़ा था. 2012 में एम एस धोनी ने 112 मीटर का छक्का लगाया, जबकि 2013 में क्रिस गेल ने 119 मीटर की लंबी हिट लगाई. 2014 में डेविड मिलर ने 102 मीटर का छक्का मारा था. 2015 और 2018 में एबी डीविलियर्स का जलवा रहा, जिन्होंने 111 मीटर के छक्के लगाए. 2016 में बेन कटिंग ने 117 मीटर, 2017 में ट्रेविस हेड ने 109 मीटर का सिक्स जड़ा था. 2019 में फिर धोनी ने 111 मीटर का छक्का लगाया. 2020 में निकोलस पूरन और 2021 में किरोन पोलार्ड ने ये कारनामा किया था.
हाल के सालों में भी लंबे छक्कों का सिलसिला जारी है. 2022 में लियाम लिविंगस्टोन ने 117 मीटर, 2023 में फाफ डु प्लेसिस ने 115 मीटर और 2024 में हेनरिक क्लासेन ने 108 मीटर का छक्का जड़ा था.
देखिए पूरी लिस्ट
- 2008 – एल्बी मॉर्केल – 125 मीटर
- 2009 – एडम गिलक्रिस्ट – 122 मीटर
- 2010 – रॉबिन उथप्पा – 120 मीटर
- 2011 – एडम गिलक्रिस्ट – 122 मीटर
- 2012 – एमएस धोनी – 112 मीटर
- 2013 – क्रिस गेल – 119 मीटर
- 2014 – डेविड मिलर – 102 मीटर
- 2015 – एबी डीविलियर्स – 111 मीटर
- 2016 – बेन कटिंग – 117 मीटर
- 2017 – ट्रेविस हेड – 109 मीटर
- 2018 – एबी डीविलियर्स – 111 मीटर
- 2019 – एमएस धोनी – 111 मीटर
- 2020 – निकोलस पूरन – 106 मीटर
- 2021 – किरोन पोलार्ड – 105 मीटर
- 2022 – लियाम लिविंगस्टोन – 117 मीटर
- 2023 – फाफ डु प्लेसिस – 115 मीटर
- 2024 – हेनरिक क्लासेन – 108 मीटर
- 2025 – रवींद्र जडेजा – 109 मीटर
क्या टूटेगा ये रिकॉर्ड?
हर सीजन के साथ बल्लेबाज और ज्यादा आक्रामक हो रहे हैं, लेकिन एल्बी मॉर्केल का 125 मीटर वाला रिकॉर्ड अब भी अटूट है. अब सवाल यही है – क्या आने वाले आईपीएल सीजन में कोई खिलाड़ी इस ‘मॉन्स्टर सिक्स’ को पीछे छोड़ पाएगा या ये रिकॉर्ड और लंबा चलेगा?
