बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार (16 मार्च, 2026) को मतदान हुआ. शाम चार बजे तक हुई वोटिंग में महागठबंधन के चार विधायकों ने अपना वोट नहीं डाला. जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी 202 विधायकों ने वोट डाल दिया है जबकि विपक्षी महागठबंधन के चार विधायकों ने मतदान नहीं किया. उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी विधायकों की एकजुटता स्पष्ट दिखाई दी है और गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनावी मुकाबले में उतरा है.
उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान एनडीए के सभी 202 विधायकों ने वोट डालकर अपनी एकता और रणनीतिक मजबूती का प्रदर्शन किया है, हालांकि विपक्षी महागठबंधन के चार विधायक मतदान के दौरान अनुपस्थित रहे. चार बजे तक वोटिंग का समय था.
वोट नहीं करने वालों में ढाका से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक फैजल रहमान और कांग्रेस के तीन विधायक मनिहारी के मनोहर प्रसाद सिंह, वाल्मीकिनगर के सुरेंद्र कुशवाहा एवं फारबिसगंज के मनोज विश्वास शामिल हैं. इन विधायकों की अनुपस्थिति ने महागठबंधन की रणनीति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस के 3 विधायकों के ‘लापता’ होने पर पार्टी के MLA का बड़ा बयान, ‘NDA वाले…’
अशोक चौधरी का तेजस्वी यादव पर हमला
राज्यसभा चुनाव को लेकर बिहार मंत्री अशोक चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह केवल सीटों की लड़ाई नहीं, बल्कि विचारधाराओं की लड़ाई है. तेजस्वी यादव पर भी तंज कसा और कहा कि उन्हें दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपनी पार्टी और अपनी राजनीति पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि एनडीए राज्यसभा की सभी पांच सीट पर जीत हासिल करेगा.
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पत्रकारों से कहा, “एनडीए के सभी पांच उम्मीदवार जीतेंगे. विपक्षी दल क्या दावा कर रहे हैं, इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता.” बता दें कि सुबह नौ बजे से ही वोटिंग शुरू हुई थी. सोमवार (16 मार्च, 2026) देर शाम तक ही नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव: विधायकों के ‘गायब’ रहने पर तेजस्वी यादव की पहली प्रतिक्रिया, ‘अभी तक…’
