खाड़ी में चल रही जंग ने दुनिया के लिए मुसीबत का सबब बन चुकी है. अब इन विकट हालातों में इराक के एक पोर्ट पर फंसे MV Diva 1 शिप पर 4 भारतीय शामिल हैं. यहां फंसे रेक्स परेरा नाम के शख्स ने एबीपी न्यूज से बातचीत की है.
उन्होंने बताया कि हम यहां कई महीनों से हैं. रात के समय हमारे पोर्ट से 2 से 3 किलोमीटर की दूरी पर ईरान में बम गिरते नजर आते हैं. हमें डर इसी बात का लगता है कि कहीं यहां मिसाइल यहां वहां गिरे तो हमपर भी खतरा है.
परेरा ने बताया कि हमारे शिप पर खाना पानी खत्म हो रहा था और अब भारतीय एम्बेसी की मदद से यहां कल ही भोजन पानी की व्यवस्था हुई है. अब रोजाना एम्बेसी वाले हमसे अपडेट ले रहे हैं और खतरे का अलर्ट भी देते हैं. हमसे कहा गया है कि जैसे ही फ्लाइट की सेवा शुरू होगी हमे यहां से निकाल लिया जाएगा.
पिछले दो हफ्तों से जारी है इजरायल-यूएस की ईरान के खिलाफ जंग
इधर, अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग को 15 दिन बीच चुके हैं. यहां दोनों तरफ से लगातार हमले हो रहे हैं. हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. इस युद्ध में ईरान के सुप्रीम लीडर अली हुसैनी खामेनेई की मौत हो गई है. उनकी जगह अब उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर बनाया गया है. उनके सुप्रीम लीडर बनते ही, अमेरिका और इजरायल को ईरान की तरफ से जंग में कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने अमेरिका को चेताते हुए मिडिल ईस्ट में अपने सैन्य अड्डे बंद करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही कहा है कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो उन ठिकानों पर हमले जारी रहेंगे. इधर, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि मोजतबा खामेनेई अभी जिंदा हैं. वह गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं. लेकिन किसी न किसी रूप में जिंदा हैं.
वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम ने अमेरिका – इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध को लेकर बयान भी दिया है. उन्होंने कहा है कि मुझे इस युद्द की समयसीमा नहीं पता है. लेकिन मुझे पता है कि ईरान इस युद्ध को अंत तक यहां तक की अगले पांच साल तक जारी रखने के लिए पूरी तरह तैयार है. इधर रूस से तेल खरीद को लेकर अमेरिका पहले 30 दिनों की विशेष छूट जारी कर चुका है.
इस युद्ध में अबतक कितनी मौतें हो चुकी हैं
इस युद्ध में अबतक कई लोगों की मौत हो चुकी है. ईरान में अबतक 1332 लोग मारे जा चुके हैं. वहीं, इजरायल में 12 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. अमेरिका के 13 सैनिकों की मौत हो चुकी है. लेबनान में 687 लोगों के मारे जाने की खबर है. इसके अलावा खाड़ी देशों में 20 लोगों के मारे जाने की खबर है.
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट तनाव से बाजार में हाहाकार, एक सप्ताह में निवेशकों के 19 लाख करोड़ रुपये डूबे; जानें डिटेल
