महाकुंभ 2025 से वायरल हुई मोनालिसा ने हाल ही में मुस्लिम शख्स से शादी की है. इसी बीच 70 के दशक की टॉप एक्ट्रेस रहीं मुमताज ने इंटरफेथ मैरिज और पॉलिगैमी को लेकर खुलकर बात की है. मुमताज उन एक्ट्रेसेस में से एक हैं जो अपनी राय किसी भी मुद्दे पर खुलकर रखती हैं.
मुमताज ने हाल ही में सितारों का सफर यूट्यूब चैनल पर दिए इंटरव्यू में हिंदू शख्स से शादी, इंटरफेथ मैरिज, पॉलिगैमी और आध्यात्मिक मान्यताओं पर खुलकर बात की.
मुमताज ने अपने पसंदीदा भगवान के बारे में की बात
अपनी आस्था के बारे में बात करते हुए मुमताज ने कहा,’मेरे पसंदीदा भगवान शंकर जी और कृष्ण जी हैं. मैं मुसलमान होते हुए भी उनमें गहरी आस्था रखती हूं.’ अपने रूटीन के बारे में बात करते हुए मुमताज ने बताया,’जब भी मैं घर की सीढ़िय़ों से नीचे उतरती हूं, तो वहां भगवान गणेश की मूर्ति होती है, जो मेरे प्रिय हैं और मैं उनके चरणों में प्रणाम करती हूं.’
मुमताज ने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा,’मैं शंकर जी में भी विश्वास रखती हूं. बचपन से ही मुझे खूबसूरत लोग पसंद हैं और मुझे लगता है कि वो सबसे खूबसूरत भगवान हैं. इसलिए मैं उनसे प्यार करती हूं. ये दो देवता हैं जिनमें मैं विशेष रूप से विश्वास करती हूं.’
मुसलमान हिंदुओं से बेहतर कैसे हो जाते हैं
मालूम हो मुमताज ने उगांडा के बिजनेसमैन मयूर माधवानी से शादी की है, जो हिंदू परिवार से ताल्लुक रखते हैं. मुमताज ने इंटरफेथ मैरिज पर बात करते हुए कहा,’मैं दोनों धर्मों में विश्वास करती हूं. मैंने एक हिंदू से शादी की और मेरी बहन ने भी एक हिंदू से शादी की. हम दोनों बहुत खुश हैं. मेरे पति मेरा बहुत ख्याल रखते हैं.’
इस बारे में आगे बाद करते हुए एक्ट्रेस ने कहा,’मुसलमानों में कई पुरुषों ने तीन-चार शादियां कीं और फिर अपनी पत्नियों को छोड़ दिया, इससे मुसलमान हिंदुओं से बेहतर कैसे हो जाते हैं.?’
मुमताज ने आगे कहा,’एक आदमी को पहली जगह में 3-4 शादियां नहीं करनी चाहिए, मैं खुद मुसलमान हूं और मैं कहती हूं यह गलत है, एक पत्नी रखना, फिर दूसरी से शादी करना और फिर तीसरी से..’
मुमताज यहीं नहीं रूकीं, इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा,’एक को छोड़कर दूसरी से शादी करना, ये कैसे सही है? क्या यह पाप नहीं? इस मामले में हिंदू बेहतर हैं, वो आमतौर पर एक ही शादी करते हैं. कभी-कभी वो दो बार शादी कर सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं कि वो आसानी से एक व्यक्ति को छोड़कर दूसरे के पास चले जाते हैं, ये गलत है.’
