टी20 वर्ल्डकप 2026 के फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है. इसके साथ ही भारत लगातार दो बार यह ट्रॉफी जीतने वाली दुनिया की पहली टीम भी बन गई है.
इस बड़ी जीत के बाद कई दिग्गज खिलाड़ियों ने टीम इंडिया को बधाई दी. पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया के जरिए टीम की जमकर तारीफ की. हालांकि खास बात यह रही कि फाइनल के दौरान कई पूर्व खिलाड़ी स्टेडियम में मौजूद थे, लेकिन विराट कोहली उस समय लंदन में थे और उन्होंने वहीं से भारतीय टीम के लिए अपना संदेश भेजा.
कोहली ने टीम के जज्बे की सराहना की
विराट कोहली ने अपने संदेश में भारतीय टीम की जमकर तारीफ करते हुए लिखा अहमदाबाद में टीम इंडिया की यह शानदार जीत है. पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने जिस तरह आक्रामक क्रिकेट खेला, उसका किसी के पास जवाब नहीं था. मुश्किल हालात में भी खिलाड़ियों ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार लड़ते रहे. इसी जज्बे की वजह से हम एक बार फिर वर्ल्ड चैंपियन बने. इस बड़ी उपलब्धि के लिए सभी खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट को बहुत-बहुत बधाई. उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने भी इसे खूब सराहा.
मैदान पर मौजूद थे कई दिग्गज
फाइनल मुकाबला देखने के लिए कई बड़े क्रिकेटर स्टेडियम में मौजूद थे. इनमें रोहित शर्मा, एम एस धोनी और कपिल देव जैसे दिग्गज शामिल थे. इन खिलाड़ियों ने स्टेडियम से ही टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाया और जीत के बाद खिलाड़ियों को बधाई दी.
युवाओं ने दिलाई शानदार जीत
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की तेज पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. इन दोनों की बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने पावरप्ले में ही तेज रन बना लिए और बड़े स्कोर की नींव रख दी.
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था. इसके बाद गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट लिए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.
पुरस्कार भी भारत के नाम
फाइनल में शानदार गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड दिया गया. वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने के लिए संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार मिला.
