PAN Card Safety Tips: देश में इस्तेमाल होने वाला सबसे अहम फाइनेंशियल डाॅक्यूमेंट अगर कोई है तो वह पैन कार्ड है. बैंक अकाउंट खोलना हो, इनकम टैक्स रिटर्न भरना हो या लोन लेना हो. हर जगह इसकी जरूरत पड़ती है. डिजिटल बैंकिंग और इंस्टेंट लोन के दौर में सुविधाएं बढ़ी हैं. लेकिन फ्रॉड के तरीके भी उतने ही तेज हुए हैं. कई मामलों में लोगों को तब पता चलता है कि उनके नाम पर लोन चल रहा है.
जब वह खुद नया लोन या क्रेडिट कार्ड लेने जाते हैं और आवेदन रिजेक्ट हो जाता है. सोचिए आपने लोन लिया ही नहीं और ईएमआई आपके नाम पर दर्ज है. अगर समय रहते चेक न किया जाए तो सिबिल स्कोर खराब हो सकता है और आगे की फाइनेंशियल प्लानिंग बिगड़ सकती है. इसलिए जरूरी है कि आप खुद समय समय पर यह चेक करते रहें कि आपके पैन से कहीं कोई फर्जी लोन तो नहीं जुड़ा है.
ऐसे करें अपने नाम पर लोन की जांच?
लोन लेने के लिए आपको पैन कार्ड की जरूरत होती है. कहीं आपके पैन कार्ड पर तो नहीं कोई फर्जी लोन ले लिया गया. इस बात का पता लगाने के लिए आप सबसे पहले अपनी क्रेडिट रिपोर्ट डाउनलोड करें. भारत में चार अधिकृत क्रेडिट ब्यूरो हैं. जैसे TransUnion CIBIL, Experian, Equifax और CRIF High Mark.
इनकी वेबसाइट से आप साल में एक बार फ्री रिपोर्ट ले सकते हैं. रिपोर्ट में Account Information या Loan Details सेक्शन ध्यान से देखें. अगर कोई ऐसा लोन दिखे जिसे आपने नहीं लिया या किसी अनजान बैंक की एंट्री हो. तो तुरंत अलर्ट हो जाएं. अचानक बड़ी लोन राशि या बिना जानकारी की गई क्रेडिट इंक्वायरी भी हिंट है कि कुछ गड़बड़ है.
ऐप्स और स्टेटमेंट में चेक करते रहें
आज फोन में कई फिनटेक ऐप्स जैसे CRED, Paytm और Google Pay आपके पैन से जुड़े एक्टिव लोन और कार्ड की जानकारी दिखाते हैं. इन पर नोटिफिकेशन ऑन रखें. जिससे किसी नई एंट्री की खबर तुरंत मिल जाए. इसके साथ ही हर महीने बैंक स्टेटमेंट जरूर चेक करें.
यहां करें शिकायत
अगर बिना जानकारी EMI कट रही है या कोई संदिग्ध ट्रांजैक्शन दिखे. तो देरी न करें. संबंधित लेंडर से तुरंत संपर्क करें. क्रेडिट ब्यूरो में शिकायत दर्ज करें और जरूरत हो तो नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर रिपोर्ट करें या 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें.
यह भी पढ़ें: बेटियों की पढ़ाई के लिए कितने रुपये देती है राजस्थान सरकार, क्या आप जानते हैं इस योजना का नाम?
