श्रेयस अय्यर ने बताया RCB से हार का सबसे बड़ा कारण, प्लेऑफ को लेकर दिया बड़ा बयान


रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली. हालांकि, इस हार के बाद अब पंजाब किंग्स का प्लेऑफ में पहुंचना काफी मुश्किल हो गया है. धर्मशाला में खेले गए इस मैच में आरसीबी ने पहले खेलने के बाद 222 रन बनाए थे. जवाब में पंजाब की टीम 199 रन ही बना सकी. मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार का सबसे बड़ा कारण बताया. साथ ही अय्यर ने प्लेऑफ में पहुंचने को लेकर भी बड़ा बयान दिया. 

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि 223 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती झटकों के बाद उनकी टीम पावरप्ले में ही यह मैच हार गई थी. बता दें कि इस मैच में पंजाब ने सिर्फ 19 रनों पर तीन विकेट गंवा दिए थे. मैच में पंजाब किंग्स को 23 रन से हार का सामना करना पड़ा, जो इस सीजन टीम की छठी हार रही. 13 मैचों में अब पंजाब किंग्स के 13 प्वाइंट्स हैं. 

मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, “बेशक उन्होंने शानदार शुरुआत की और फिर पावरप्ले के ठीक बाद गेंदबाजों को निशाना बनाया. मुझे लगता है कि 222 रन तक पहुंचना एक तारीफ के काबिल प्रदर्शन था और हम गेंदबाजी में अधिक विकेट नहीं ले पाए, लेकिन मुझे लगता है कि हम मैच पावरप्ले में ही हार गए. हमारे तीन खिलाड़ी आउट हो गए थे और हमारे लिए अधिकतर रन प्रभसिमरन और प्रियांश ने बनाए थे. वे हमें वैसी शुरुआत नहीं दे पाए जैसी पावरप्ले में देते थे. मैं भी जल्दी आउट हो गया. निराश करने वाला प्रदर्शन रहा, लेकिन शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस और बीच में कुछ अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा था.”

इस हार के बावजूद श्रेयस अय्यर को प्लेऑफ में पहुंचने का भरोसा है. वह क्वालीफाई करने उम्मीद बनाए हुए हैं. आखिरी लीग मैच को लेकर उन्होंने कहा, “नतीजे चाहे जो भी हों, मैं हमेशा सकारात्मक रहता हूं. इससे मेरे व्यक्तित्व पर कोई फर्क नहीं पड़ता और मैं हमेशा दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ता हूं. मैं अतीत में ज्यादा उलझा नहीं रहता. यह सब बीत चुका है, यह सब चला गया है. कल फिर मैं सूर्योदय देखूंगा और हर मुश्किल के बाद उम्मीद की किरण जरूर होती है.”

यह भी पढ़ें- 

फिर हारी पंजाब, धमाकेदार जीत से RCB ने प्लेऑफ में किया क्वालीफाई; वेंकटेश-विराट-भुवनेश्वर चमके



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *