भारतीय ट्रेनों के जनरल कोच में सफर करना किसी जंग से कम नहीं माना जाता. सीट पाने की होड़, धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी के बीच लोग किसी तरह ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने लोगों को हैरान और गुस्से से भर दिया है. वीडियो में रेलवे स्टेशन पर मौजूद आरपीएफ का एक जवान यात्रियों को कंट्रोल करने के नाम पर जिस तरह लट्ठ बरसाता दिखाई दे रहा है, उसे देखकर लोग इसे अमानवीय बता रहे हैं. वीडियो में कई यात्री डर और घबराहट में पीछे हटते दिख रहे हैं, जबकि कुछ लोग ट्रेन पकड़ने के लिए जान जोखिम में डालते नजर आ रहे हैं.
जनरल कोच के बाहर मची अफरा-तफरी
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी दिखाई दे रही है. जनरल कोच के गेट पर भारी भीड़ जमा है और यात्री किसी तरह अंदर घुसने की कोशिश कर रहे हैं. इसी दौरान वहां तैनात आरपीएफ जवान अचानक डंडा उठाकर लोगों पर बरसाना शुरू कर देता है. कभी वह पहले चढ़ रहे यात्री को पीटता है तो कभी लाइन तोड़कर आगे आने वालों पर लाठी चला देता है. हालात ऐसे हो जाते हैं कि लोग ट्रेन में चढ़ने से ज्यादा खुद को बचाने में जुट जाते हैं.
लोग बोले, कंट्रोल नहीं क्रूरता है ये
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जवान लगातार यात्रियों को धक्का देकर पीछे कर रहा है और डंडे से हमला कर रहा है. कई लोग इसे भीड़ कंट्रोल करने का तरीका मान रहे हैं, लेकिन ज्यादातर यूजर्स का कहना है कि यात्रियों के साथ ऐसा व्यवहार किसी भी हालत में सही नहीं ठहराया जा सकता. खासकर तब जब जनरल कोच में सफर करने वाले ज्यादातर लोग मजदूर, छात्र और आम यात्री होते हैं जो मजबूरी में भीड़ झेलते हैं.
यह भी पढ़ें: सांप को पकड़ने आया शख्स करने लगा खिलवाड़, नागराज की एक फुंकार ने ले ली जान; मौत का लाइव वीडियो
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा… पहले इसे नौकरी से निकालो फिर जेल भेजो. दूसरे यूजर ने कहा…क्या गरीब आदमी इंसान नहीं होता? वहीं एक और यूजर ने लिखा…भीड़ संभालना अलग बात है, लोगों को जानवरों की तरह पीटना अलग. कुल मिलाकर यह वीडियो इंटरनेट पर बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है और लोग रेलवे प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: Viral Video: स्पीड ब्रेकर पर दीदी की हाई जंप… स्कूटी सवार लड़की हवा में उछली, फिर… देखें वायरल वीडियो
