हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘स्त्री’ में जना के किरदार से बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बनर्जी ने खूब पॉपुलैरिटी बटोरी. वहीं अभिषेक ने फिल्म ‘सेक्शन 84’ में अमिताभ बच्चन के साथ काम किया है. हाल ही में अभिनेता ने बॉलीवुड के शहंशाह से अपनी पहली मुलाकात के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने रिस्पेक्ट से बिग बी के पैर छुए तो सुपरस्टार उनसे नाराज हो गए थे. ‘स्त्री’ एक्टर ने इसकी वजह का भी खुलासा किया है.
अमिताभ बच्चन अभिषेक बनर्जी से क्यों नाराज़ हुए?
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक बिग बी से अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए अभिषेक ने बताया कि सेट पर वे बेहद इमोशनल हो गए थे और कांप रहे थे और उनके रोंगटे खड़े हो गए थे, क्योंकि सुपरस्टार के साथ काम करने का वह पल उनके लिए बहुत खास था. उन्होंने कहा, “नेचुरली मैंने उनके पैर छुए. लेकिन वे मुझसे बहुत नाराज़ हो गए. उन्होंने तुरंत कहा, ‘तुम क्या कर रहे हो? ऐसा क्यों कर रहे हो?’ मैं बहुत कंफ्यूजन में था क्योंकि भारतीय परिवार तो यही सिखाते हैं बड़ों के पैर छूना. लेकिन बाद में मुझे समझ आया और मैंने फिल्म के निर्देशक रिभु दासगुप्ता से बात की. उन्होंने मुझे बताया कि अमिताभ सर को यह पसंद नहीं है क्योंकि उन्हें लगता है कि जैसे ही आप ऐसा करते हैं, आप को-एक्टर नहीं रह जाते. आप उन्हें ऊंचा दर्जा दे रहे होते हैं.”
‘कोई एक्टर अमिताभ बच्चन जितना प्रोफेशनल नहीं है’
उन्होंने आगे कहा, “और वो इतने प्रोफेशनल हैं कि वो सबको बराबर समझते हैं, ताकि कोई भी कमतर न परफॉर्म करे. ये बहुत बढ़िया बात है. मुझे एहसास हुआ कि वो बूढ़े आदमी की तरह नहीं दिखना चाहते. वो एक को-एक्टर, एक कलिग की तरह रहना चाहते हैं. यही है उनका प्रोफेशनल रवैया. उनमें ज़रा भी अहंकार नहीं है, लेकिन जितने भी अभिनेताओं के साथ मैंने काम किया है, उनमें सबसे ज़्यादा प्रोफेशनल रवैया है. मैं सभी यंग कलाकारों को भी शामिल कर रहा हूँ, इस इंडस्ट्री में अमिताभ बच्चन जितना प्रोफेशनल कोई नहीं है.”
ये भी पढ़ें:-1700 करोड़ की मालकिन अनन्या बिड़ला की Met Gala में धमाकेदार एंट्री, सिल्वर आर्मर चर्चा में
अभिषेक और बिग बी फिल्म ‘सेक्शन 84′ में आएंगे नजर
अभिषेक और बिग बी ने फिल्म ‘सेक्शन 84’ में साथ काम किया है. रिभु दासगुप्ता द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रिया विज, निमरत कौर और डायना पेंटी भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन रिलीज़ डेट अभी अनाउंस होना बाकी है.
अभिषेक बनर्जी वर्क फ्रंट
अभिषेक बनर्जी हाल ही में फिल्म टोस्टर में नजर आए थे. विवेक दासचौधरी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा मुख्य भूमिकाओं में थे, साथ ही अर्चना पूरन सिंह, सीमा पाहवा और अन्य कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं. यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर अवेलेबल है. अभिषेक अब गुरमीत सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म मिर्जापुर द मूवी में नजर आएंगे, जिसमें अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, रवि किशन और अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म 4 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
