जंगल की खामोशी में अगर कहीं अचानक सरसराहट सुनाई दे और सामने से एक लंबा, फन फैलाए हुआ सांप उठ खड़ा हो जाए…तो समझ लीजिए मौत खुद आपके सामने खड़ी है. यही है King Cobra. एक ऐसा सांप जिसे सिर्फ जहरीला ही नहीं, बल्कि “जिंदा मौत” कहा जाता है. इसकी आंखों में सीधा देखने की हिम्मत हर किसी में नहीं होती. इसकी लंबाई, इसका जहर और इसका अंदाज…सब कुछ ऐसा कि इंसान तो क्या, जंगल के बड़े-बड़े शिकारी भी रास्ता बदल लें. तभी तो इसे यूं ही ‘किंग’ नहीं कहा जाता. आइए आपको बताते हैं कि क्यों इसे असली किंग कहा जाता है.
क्यों कहा जाता है ‘किंग’ कोबरा?
किंग कोबरा को ‘किंग’ इसलिए कहा जाता है क्योंकि यह दुनिया का सबसे लंबा जहरीला सांप है. इसकी लंबाई 15 से 18 फीट तक हो सकती है. लेकिन सिर्फ लंबाई ही नहीं, इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह दूसरे सांपों को खा जाता है, यहां तक कि जहरीले सांपों को भी. यानी यह सांपों की दुनिया का शिकारी है, और यही इसे “राजा” बनाता है. जहां दूसरे सांप चूहे, कीड़े और दूसरे छोटे शिकार को दबोचते हैं, ये सीधा शिकारी को ही दबोच लेता है. और जब फन फैलाकर ये खड़ा होता है तो आसानी से 6 फीट के आदमी से आंख से आंख मिल सकता है.
जहर इतना खतरनाक कि सांस रुक जाए
किंग कोबरा का जहर सीधा इंसान के नर्वस सिस्टम पर हमला करता है. एक बार काट ले तो कुछ ही मिनटों में शरीर सुन्न पड़ने लगता है और सांस लेना मुश्किल हो जाता है. इसका एक बाइट इतना जहर छोड़ सकता है कि कई लोगों की जान जा सकती है. यही वजह है कि इसे दुनिया के सबसे खतरनाक सांपों में गिना जाता है. कुछ जानकार तो ये भी कहते हैं कि इसके जहर की एक बूंद एक हट्टे गट्टे और बड़े हाथी की जान कुछ ही घंटो में ले सकती है. हालांकि ये वैज्ञानिक तौर पर साबित नहीं है.
फन उठाकर खड़ा हो जाए तो खौफ दोगुना
जब किंग कोबरा गुस्से में आता है, तो यह अपने शरीर का बड़ा हिस्सा उठाकर इंसान की आंखों के बराबर ऊंचाई तक खड़ा हो सकता है. उसका फन फैलाना और सीधे आंखों में देखना किसी भी इंसान की रूह कंपा देता है. यही अंदाज इसे बाकी सांपों से अलग और ज्यादा खतरनाक बनाता है.
जंगल का शासक, इंसानों से दूरी पसंद
हालांकि इतना खतरनाक होने के बावजूद किंग कोबरा बिना वजह इंसानों पर हमला नहीं करता. यह ज्यादातर घने जंगलों और दलदली इलाकों में रहता है और इंसानों से दूर रहना पसंद करता है. लेकिन अगर इसे खतरा महसूस हो जाए, तो इसका हमला बेहद घातक हो सकता है. कई बार देखा गया है कि बार बार गुस्सा दिलाने पर भी किंग बाइट करने से बचता है और आसानी से अपने जहर को इंजेक्ट नहीं करता है. लेकिन अगर सब्र का इम्तेहान लिया जाए तो ये किसी भी शिकारी के लिए मौत बनने में जरा समय नहीं लेता.
यह भी पढ़ें: Viral Video: कार की सर्विसिंग महंगी पड़ी तो खुद बना मिस्त्री, ईंट-सीमेंट से फिक्स कर दी गाड़ी; वीडियो वायरल
एक बाइट और यूं निकलती है जान
King Cobra के जहर को न्यूरोटॉक्सिक जहर कहा जाता है, यानी यह सीधे इंसान के तंत्रिका तंत्र पर हमला करता है. यह जहर शरीर और दिमाग के बीच जाने वाले सिग्नल को ब्लॉक कर देता है, जिससे धीरे-धीरे मांसपेशियां काम करना बंद कर देती हैं. सबसे खतरनाक असर तब होता है जब यह सांस लेने वाली मांसपेशियों को प्रभावित करता है, जिससे इंसान का दम घुटने लगता है. किंग कोबरा एक बार में काफी ज्यादा मात्रा में जहर छोड़ सकता है, जो इसे और भी घातक बना देता है.
यह भी पढ़ें: Desi AC Jugad: पंखा लगाया फिर गीला तौलिया टांगा और बन गया देसी AC, चचा का जुगाड़ देख माथा फोड़ लेंगे अमेरिकन्स
