BCCI ने अंगकृष रघुवंशी को दी सजा, अंपायर से भिड़ना पड़ा महंगा; ठोका गया तगड़ा जुर्माना


आईपीएल 2026 में रविवार को दूसरा मैच लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया. इस मैच का नतीजा सुपर ओवर से निकला. केकेआर ने सुपर ओवर में लखनऊ को शिकस्त दी. मैच में कई रोमांचक पल देखने को मिले. केकेआर के विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी चर्चा में हैं. वह इस मैच में ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड आउट हुए. रघुवंशी ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड आउट होने के बाद काफी गुस्सा हो गए थे. उन्होंने अंपायर से बहस की और पवेलियन लौटते वक्त सीमा रेखा पर बल्ला मारा और डग आउट में अपना हेलमेट फेंका था. अब रघुवंशी पर एक्शन लिया गया है. उन्हें तगड़ी सजा दी गई है. 

अंगकृष रघुवंशी पर ऑब्स्ट्रक्शन ऑफ द फील्ड (फील्डिंग में बाधा पहुंचाना) दिए जाने के बाद गुस्सा दिखाने के कारण उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमैरिट अंक भी जोड़ा गया है. रघुवंशी को रविवार को लखनऊ (LSG) के खिलाफ मैच के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है. उन्होंने केकेआर की पारी के पांचवें ओवर में घटी घटना के बाद पवेलियन लौटते समय गुस्से में सीमा रेखा पर अपने बल्ला मारा था और डग आउट में अपना हेलमेट फेंका था. 

आईपीएल ने अपने बयान में कहा, “केकेआर के विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी पर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए आईपीएल मैच के दौरान खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आईपीएल की आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन का दोषी पाया गया है और उन पर उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. इसके अलावा उनके खाते में एक डिमैरिट अंक भी जोड़ा गया है.”

इसमें कहा गया है कि रघुवंशी को आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है, जो मैच के दौरान क्रिकेट उपकरणों या पोशाक, मैदानी उपकरणों आदि को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा है. बता दें कि रघुवंशी ने मैच रेफरी द्वारा लगाए गए जुर्माने को स्वीकार कर लिया है और अपनी गलती मान ली है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *