- भीषण गर्मी में सावधानी बरतें, दोपहर में घर से न निकलें.
दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा है. इससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. लोगों के लिए घर से बाहर निकलना ऐसा हो गया है जैसे आग की भट्टी में तपना. दिल्ली का हाल तो और बेहाल है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में राजाधानी के गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही. शनिवार (25 अप्रैल) को भी दिल्ली में भीषण गर्मी रहेगी और लू से आम जनता को परेशानी होगी.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में पिछले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अधिक बदलाव नहीं देखने को मिला है. इस दौरन न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 42–43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. हालांकि, दिल्ली के कई इलाकों में तापमान सामान्य से 1.6 से 3.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.
यूपी में नोएडा से वाराणसी तक भीषण गर्मी, 40 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, 26 अप्रैल से बदलेगा मौसम
कैसा रहेगा आज दिल्ली का तापमान?
IMD के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इस दौरान हवा की गति 15–25 किमी/घंटा रहने का अनुमान है. आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहने की संभावना है और कुछ इलाकों में तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चल सकती है जिससे दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है. दिल्ली की जनता के लिए आज का दिन ककुल मिलाकर काफी गर्म रहने की संभावना जताई गई है.
घर से निकलने से बचें
बढ़ते तापमान और हीटवेव को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है. खासतौर से बच्चों और बुजुर्गों को तेज धूप अपनी चपेट में ले सकती है. ऐसे में बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी है. दोपहर 12 बजे से 4 बजे के आसपास निकलने से बचने की सलाह जी गई है. वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है. डिहाईड्रेशन से बचने के लिए लोगों से सूती कपड़े पहनने और सिर को ढककर रखने के लिए कहा गया है.
हिमाचल में पहाड़ों पर भी चढ़ा पारा, मगर मौसम लेगा करवट, इन इलाकों में बारिश-आंधी का येलो अलर्ट
