Why Students Feel Stress Before Board Results: यूपी बोर्ड के नतीजों का इंतजार अपने आखिरी दौर में है और माना जा रहा है कि कक्षा 10 और 12 के रिजल्ट 25 से 29 अप्रैल के बीच कभी भी जारी हो सकते हैं. 52 लाख से अधिक स्टूडेंट्स इसका इंतजार कर रहे हैं. रिजल्ट से पहले एक अलग तरह का दबाव बच्चों को भीतर से तोड़ रहा है. चलिए आपको बताते हैं कि परीक्षा परिणाम से पहले इस तरह की घबराहट क्यों देखने को मिलती है.
रिजल्ट को लेकर बढ़ जाती है टेंशन
यह दबाव सिर्फ परीक्षा का नहीं है, बल्कि एक ऐसा साइलेंट संकट बन चुका है, जो धीरे-धीरे बच्चों के व्यवहार और सोच दोनों को बदल रहा है. कई छात्र देर रात तक जाग रहे हैं, बार-बार रिजल्ट के बारे में सोच रहे हैं और छोटी-छोटी बातों पर घबराहट महसूस कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- Hair Extensions Side Effects: क्या हेयर एक्सटेंशन कराने से हो जाता है ब्रेस्ट कैंसर, जानें यह कितना खतरनाक?
क्यों बढ़ता है मेंटल प्रेशर?
mentalhealthcenterkids की रिपोर्ट के अनुसार, इसका सबसे बड़ा कारण घर और समाज से आने वाला दबाव है. माता-पिता की उम्मीदें, रिश्तेदारों की तुलना और टॉप करने का माहौल बच्चों को लगातार यह महसूस कराता है कि अगर नंबर अच्छे नहीं आए, तो सब कुछ खत्म हो जाएगा. इसके अलावा स्कूल का भारी सिलेबस और लगातार परीक्षाओं का दबाव भी इस स्थिति को और गंभीर बना देता है. कई विषयों की तैयारी एक साथ करना, समय को ठीक से मैनेज न कर पाना और हर वक्त रिजल्ट का डर बच्चों को मानसिक रूप से थका देता है.
कब दिखता है इसका असर?
इसका असर साफ तौर पर दिखने लगता है. कुछ बच्चे चुप हो जाते हैं, दोस्तों से दूरी बना लेते हैं, तो कुछ में चिड़चिड़ापन बढ़ जाता है. नींद की कमी, सिरदर्द, भूख में बदलाव और थकान जैसे लक्षण भी सामने आते हैं, जो इस दबाव की गहराई को दिखाते हैं. इतना ही नहीं, लंबे समय तक बना रहने वाला यह तनाव बच्चों के सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है. वे दोस्तों से मिलना-जुलना कम कर देते हैं, खेलकूद या अन्य एक्टिविटी से दूर हो जाते हैं और धीरे-धीरे खुद को अलग-थलग महसूस करने लगते हैं.
रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि लगातार एकेडमिक दबाव बच्चों में घबराहट और डिप्रेशन जैसी समस्याओं को बढ़ा सकता है, जिसका असर आगे चलकर उनके रिश्तों और भविष्य पर भी पड़ता है. इसे साइलेंट संकट कहा जाता है. बाहर से सब सामान्य दिखता है कि बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अंदर ही अंदर वे लगातार दबाव से जूझ रहे होते हैं, जिसकी आवाज अक्सर सुनाई नहीं देती.
इसे भी पढ़ें- Exam Result Stress: सावधान! रिजल्ट के तनाव में कहीं खो न जाए आपके बच्चे का आत्मविश्वास, पैरेंट्स आज ही पढ़ लें ये जरूरी सलाह
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
