उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा हैं. हालत इतनी खराब है कि चिलचिलाती धूप में लोगों को घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है. दिन के साथ रातें भी अब गर्म होने लगी हैं. मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के 35 जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है. आने वाले दिनों में पारा 2-4 डिग्री और बढ़ने का अनुमान हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक़ यूपी में आज बुधवार 22 अप्रैल को भी मौसम शुष्क ही बना रहेगा. इस दौरान दिन के समय तेज झोंकेदार उष्ण लहर चलने की संभावना बनी हुई हैं. प्रदेशभर में 25 अप्रैल तक भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार नहीं है. 26 अप्रैल से एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होता दिख रहा है. जिससे मौसम में बदलाव आएगा और 27 अप्रैल को पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है.
अगले पांच दिनों में और बढ़ेगा पारा
यूपी में फ़िलहाल सूरज के तीखे तेवरों से राहत के आसार नहीं है. अगले पाँच दिनों में गर्मी और बढ़ सकती हैं और अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री तक की बढ़ोतरी का अनुमान है. वहीं रात में भी गर्मी बढ़ने का अनुमान हैं. राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में तापमान में बढ़त देखने को मिलेगी. लखनऊ में अगले एक दो दिन में पारा 44 के पार पहुंच सकता है.
ये रहे प्रदेश के सबसे गर्म जिले
प्रयागराज, वाराणसी में बीते 24 घंटों में सबसे गर्म जिले रहे. यहां आसमान साफ़ होने की वजह से चिलचिलाती धूप निकल रही है. मंगलवार को इन जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार दर्ज किया गया. वहीं सुल्तानपुर, बांदा और आजमगढ़ में भी भीषण गर्मी का सिलसिला जारी रहा. इन जिलों में दिनभर तपाने वाली धूप ने हाल बेहाल कर दिया. इन जिलों में भी पारा 42-44 डिग्री के बीच रहा.
आगरा में भीषण गर्मी का क़हर जारी
नोएडा, गाजियाबाद में भी आज लू और भीषण गर्मी का असर रहेगा. इन जिलों में आसमान एकदम साफ़ है और यहां आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रहेगा. वहीं आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद में भी इन दिनों जबरदस्त गर्मी पड़ रही हैं. चिलचिलाती धूप की वजह से भट्टी की तरह ये जिले तप रहे हैं. इन जिलों में अधिकतम पारा 42 डिग्री तक बना हुआ है.
मौसम विभाग ने आज प्रयागराज, वाराणसी, मीरजापुर, चंदौली, जौनपुर, संत रविदास नगर, गाज़ीपुर, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, गोरखपुर, बस्ती, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, अयोध्या, अमेठी, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर और पीलीभीत में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक साल 2026 में गर्मी पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है. इस बार मानसून भी सामान्य से कम रहने का आशंका है. अगर मानसून कमजोर रहा तो इस बार किसानों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन सकता है.
पश्चिमी यूपी में अखिलेश यादव ने बढ़ाई अपनी ‘साईकिल’ की रफ्तार, किसानों पर है सपा का खास फोकस
