What Not To Say To Your Partner In A Relationship: रिश्ते निभाना जितना खूबसूरत लगता है, उतना ही संवेदनशील भी होता है. एक सही शब्द जहां रिश्ते को मजबूत बना सकता है, वहीं एक गलत बात सबकुछ बिगाड़ सकती है. अक्सर हम इस पर ध्यान देते हैं कि पार्टनर से क्या कहना चाहिए, लेकिन असली बात यह है कि क्या नहीं कहना चाहिए, यह समझना उससे भी ज्यादा जरूरी है. जब हम किसी से प्यार करते हैं, तो लगता है कि वही सबकुछ है, जो हमें समझता है, हमारी हर छोटी-बड़ी बात जानता है और हमें हंसाता है. लेकिन गुस्से या झुंझलाहट में निकले कुछ शब्द रिश्ते की नींव हिला सकते हैं. रिश्ते कांच की तरह नाजुक होते हैं, जिन्हें संभालकर रखना पड़ता है.
रिश्ते में बड़ी खतरनाक चीज
सबसे पहली और सबसे खतरनाक बात कि “मुझे तुमसे रिश्ता रखने का पछतावा है.” चाहे झगड़ा कितना भी बड़ा क्यों न हो, ये शब्द कभी नहीं कहने चाहिए. यह सिर्फ एक लाइन नहीं, बल्कि पूरे रिश्ते पर सवाल खड़ा कर देती है. एक बार कह देने के बाद इसे वापस लेना लगभग नामुमकिन होता है, और यह दिल पर गहरा असर छोड़ जाता है.
रिश्ते पर तंज कसना
दूसरी बात, पार्टनर की आर्थिक स्थिति पर तंज कसना. किसी के पैसे या बैकग्राउंड को लेकर मजाक उड़ाना या ताना मारना बहुत गलत है. पैसे से जुड़ी बातें बहुत पर्सनल होती हैं और किसी की पहचान से जुड़ी होती हैं. ऐसे में इसे हथियार की तरह इस्तेमाल करना रिश्ते को नुकसान पहुंचा सकता है.
परिवार या दोस्तों का अपमान
तीसरी बात, पार्टनर के परिवार या दोस्तों का अपमान करना. हो सकता है आपको उनके किसी करीबी से दिक्कत हो, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप उन्हें बुरा कहें. एक अनकहा नियम होता है कि अपने लोगों की शिकायत पार्टनर खुद कर सकता है, लेकिन आपको ऐसा करने का अधिकार नहीं होता.
इसे भी पढ़ें – Single Lifestyle Trends: स्वीडन से जर्मनी तक… क्यों इन देशों में अकेले रहकर खुश हैं लोग? जानें सिंगल लाइफ के राज
कमजोरियों का मजाक उड़ाना
चौथी और बेहद सेंसिटिव बात, पार्टनर की कमजोरियों का मजाक उड़ाना. अगर आपका पार्टनर किसी चीज को लेकर असुरक्षित महसूस करता है, तो उस पर मजाक करना उनके आत्मविश्वास को तोड़ सकता है. यह छोटी बात लग सकती है, लेकिन धीरे-धीरे यही चीज रिश्ते में दूरी पैदा कर देती है.
असल में प्यार का मतलब सिर्फ अच्छे समय में साथ रहना नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में भी एक-दूसरे की इमोशन की कद्र करना है. झगड़े हर रिश्ते में होते हैं, लेकिन उन पलों में भी शब्दों का चयन बहुत मायने रखता है. इसलिए अगली बार जब बहस हो, तो बोलने से पहले एक पल रुककर सोचें. क्योंकि कुछ शब्द ऐसे होते हैं, जो कहे जाने के बाद कभी वापस नहीं लिए जा सकते और उनका असर लंबे समय तक बना रहता है.
इसे भी पढ़ें – Extramarital Dating: 148% महिलाएं कर रहीं एक्स्ट्रा मैरिटल डेटिंग, जानें कैसे खतरे में पड़ रही आधुनिक शादी?
