बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Bihar CM Samrat Choudhary) को लेकर जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने गुरुवार (16 अप्रैल, 2026) को बड़ा बयान दिया. तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार का लॉ एंड ऑर्डर चरमराया हुआ है, सभी लोग जानते हैं, लेकिन इनको (सम्राट) नई जिम्मेदारी मिली है, कल (15 अप्रैल) ही मिली है, तो हम लोग एक-दो महीने का इंतजार कर रहे हैं कि सरकार कैसे चलाते हैं.
आगे तेज प्रताप यादव ने कहा कि हमने ही भविष्यवाणी की थी कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनेंगे. पहली भविष्यवाणी सच हो गई अब अगली भविष्यवाणी एक महीने बाद करेंगे.
‘मुख्यमंत्री के पद पर तो हैं…’
पूछा गया कि तेजस्वी यादव ने कहा है कि सम्राट चौधरी इलेक्टेड नहीं सिलेक्टेड मुख्यमंत्री हैं. इस पर तेज प्रताप यादव ने सीधे तौर पर सम्राट चौधरी का ही साथ दिया. उन्होंने साफ कहा, “अब क्या इलेक्टेड हैं या सिलेक्टेड हैं, मुख्यमंत्री तो हैं… मुख्यमंत्री के पद पर तो हैं.”
पत्रकारों ने कहा कि आपके भाई पर तो सवाल उठता था कि 9वीं फेल मुख्यमंत्री बनेंगे? अब तो वो (सम्राट चौधरी) सातवीं फेल हैं. इस पर कहा, “कौन क्या फेल है नहीं है, ऐसे गिनाएंगे तो बहुत सारे मंत्री-विधायक फेल हैं.”
यह भी पढ़ें- डिप्टी CM क्यों नहीं बने निशांत? सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार के बेटे ने कहा- ‘पिताजी के…’
तेज प्रताप से मिलने पहुंचे पिता लालू यादव
दूसरी ओर आज (16 अप्रैल, 2026) तेज प्रताप का जन्मदिन है. इस मौके पर उनके पिता लालू यादव पहुंचे तेज प्रताप के आवास पर पहुंचे. यहां आयोजित कार्यक्रम में वे शामिल हुए. उन्होंने अपने बेटे तेज प्रताप यादव को जन्मदिन पर आशीर्वाद दिया. उनके जन्मदिन पर तमाम उनके चाहने वाले बधाई दे रहे हैं. परिवार के अन्य सदस्यों ने भी तेज प्रताप यादव को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है.
यह भी पढ़ें- डिप्टी CM के पद को निशांत ने मारी ‘लात’, JDU विधायक चेतन आनंद बोले- ‘मैं चाहता था कि…’
