सम्राट चौधरी पर पप्पू यादव बोले, ‘BJP के सर्वोच्च नेताओं की पर्ची पर भारी पड़ी नीतीश की मर्जी’


बिहार के इतिहास में पहली बार बीजेपी का सीएम बनने पर पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने सम्राट चौधरी का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी के बड़े नेताओं की पर्ची पर नीतीश कुमार की मर्जी भारी पड़ गई. उन्होंने कहा कि सम्राट बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बने हैं लेकिन बीजेपी में अजीब सन्नाटा पसरा है.

BJP में अजीब सन्नाटा पसरा है- पप्पू यादव

अपने एक्स पोस्ट में पप्पू यादव ने लिखा, “बिहार के नए CM और उनके सहयोगियों को शपथ एवं दायित्व ग्रहण की बहुत-बहुत बधाई! बिहार में BJP का पहले मुख्यमंत्री सम्राट जी बने हैं, पर BJP में अजीब सन्नाटा पसरा है! क्या नीतीश जी के कोटे से BJP के CM बने हैं? बीजेपी के सर्वोच्च नेताओं की पर्ची पर नीतीश जी की मर्जी भारी पड़ गई!”

‘मोदी-नीतीश मॉडल’ पर ही बिहार में शासन- सम्राट चौधरी

बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने बुधवार (15 अप्रैल) को सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “मैं तुरंत राज्य की समृद्धि के लिए काम शुरू करूंगा. यह स्पष्ट रहना चाहिए कि बिहार ‘मोदी-नीतीश मॉडल’ पर ही शासित होता रहेगा.” इससे एक दिन पहले मंगलवार (14 अप्रैल) को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. 

सम्राट चौधरी को बधाइयों का तांता

बिहार में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी को बधाइयों का तांता लग गया. NDA के नेताओं ने विश्वास जताया कि राज्य तेजी से प्रगति करेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में योगदान देगा. नीतीश कुमार ने ‘एक्स’ पर चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास करेगा और देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा. 

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी चौधरी को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा, “सम्राट चौधरी बिहार के विकास के लिए कार्य करेंगे, जिससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में मदद मिलेगी.” 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *