मिडिल ईस्ट में जारी जंग की वजह से दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई बाधित हुई है. इस बीच असम में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनियाभर की एनर्जी का ध्यान रख सकता है. उन्होंने तेल और एलपीजी गैस को लेकर कांग्रेस पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया.
पीएम मोदी ने कहा, ‘हमने आजाद भारत में बार-बार देखा है कि जब दुनिया के दूसरे हिस्सों में लड़ाइयां होती हैं और सप्लाई चेन में दिक्कत आती है तो परेशानी हमारे किसानों को होती है. कभी खाद महंगी हो जाती थी, कभी डीजल और ऊर्जा की कीमत बढ़ जाती थी, क्योंकि दशकों तक कांग्रेस पार्टी ने देश को दूसरे देशों पर निर्भर रखा. इससे खेती की लागत बढ़ जाती थी. बीते दशक में बीजेपी-एनडीए सरकार ने आत्मनिर्भरता को लेकर एक और बड़ा काम किया है. हमने कृषि को बाहरी संकटों से बचाने के लिए आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन दिया है.’
भारत दुनिया की एनर्जी का रख सकता है ध्यान: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘बीजेपी-NDA की सरकार ने हमारी रिफाइनरी के विकास के लिए रिफाइनिंग क्षमता के विकास के लिए काम किया है. आज भारत दुनिया का वो देश है जो अपनी ही नहीं, बल्कि विश्व की ऊर्जा जरूरतों का ध्यान रख सकता है.’ पीएम मोदी आरोप लगाया कि कांग्रेस युद्ध के समय देश में अफवाह फैलाने में जुटी है.
उन्होंने कहा, ‘आज कांग्रेस ने एक बार फिर साबित कर दिया है, किसी भी स्थिति में वे देश के प्रति ईमानदार नहीं हैं. आज युद्ध से बने संकटों के बीच भी कांग्रेस सिर्फ अफवाहें फैलाने और अप्रचार करने में जुटी है. मैं कांग्रेस के साथियों से कहना चाहता हूं कि एक काम करिए लाल किले पर से 15 अगस्त को पंडित नेहरू ने जो भाषण दिए हैं वे भाषण सुनिए.’
कांग्रेस देश के गुमराह कर रही: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘पंडित जी ने लाल किले से एक बार कहा कि उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया में लड़ाई चल रही है इसलिए भारत में महंगाई बढ़ रही है. उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया कहां है और यहां महंगाई बढ़ने की बात नेहरू जी कह रहे थे. आज कांग्रेस के लोग देश को गुमराह करने में लगे हैं. वैश्विक संकटों का प्रभाव क्या होता है ये दुनिया देख रही है.’
ये भी पढ़ें : घबराने का नहीं: सरकार का दावा, एलपीजी बुकिंग में 40 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी
