दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने होली के त्योहार पर एडवाइजरी जारी कर दी है. मेट्रो की तरफ से बताया गया है कि किस समय पहली मेट्रो बुधवार (4 मार्च) को मिलेगी. यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए DMRC ने अपनी गाइडलाइन जारी कर दी है.
इस साल होली बुधवार (4 मार्च 2026) को मनाई जाएगी. इस खास दिन पर दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों, सहित एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर, सुबह से दोपहर 2:30 बजे तक कोई मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी. इसके लिए पहली मेट्रो 2:30 बजे यात्रियों को मिलेगी.
दिल्ली मेट्रो ने इस वजह से लिया यह फैसला
दिल्ली मेट्रो ने यह फैसला त्योहार के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को ध्यान में रखकर लिया है. होली के रंग-बिरंगे उत्सव में लोग घरों, पार्कों और सड़कों पर रंग खेलते हैं, जिससे सुबह के समय मेट्रो स्टेशनों और ट्रेनों में असामान्य भीड़ या गड़बड़ी की आशंका रहती है.
इस वजह से उन्होंने सुबह की सेवाओं को स्थगित कर दिया है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाया जा सके. 4 मार्च 2026 को सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेनें टर्मिनल स्टेशनों से दोपहर 2:30 बजे से चलना शुरू करेंगी.
2:30 बजे के बाद सामान्य रूप चलेगी मेट्रो
होली के त्योहार पर दोपहर 2:30 बजे के बाद सेवाएं पूरी तरह सामान्य रूप से जारी रहेंगी, यानी रात के अंतिम समय तक अपनी निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चलेंगी. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे इस दिन सुबह या दोपहर के शुरुआती समय में मेट्रो पर निर्भर न रहें और वैकल्पिक व्यवस्था जैसे बस, ऑटो या निजी वाहन का उपयोग करें.
DMRC के प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने क्या कहा?
डीएमआरसी के प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस) अनुज दयाल ने इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी किया है. उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था केवल होली के दिन के लिए है और अगले दिन 5 मार्च से मेट्रो अपनी सामान्य समय-सारिणी पर लौट आएगी.
यात्रियों से की गई यह अपील
यात्रियों से अपील की गई है कि वे समय से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाएं और भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतें. यह परंपरा पिछले कई वर्षों से चली आ रही है, जिसमें होली पर मेट्रो सेवाएं दोपहर बाद शुरू की जाती हैं.
इससे न केवल कर्मचारियों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है, बल्कि त्योहार का आनंद भी बिना किसी व्यवधान के लिया जा सकता है. दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की है और कहा है कि वे आधिकारिक ऐप या वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें.
