Bareilly News: बरेली में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-टैंकर टक्कर में 5 की मौत, ड्राइवर समेत 3 घायल


बरेली में सीबीगंज के परधोली गांव के पास रविवार (5 अप्रैल) को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे खड़े टैंकर से पीछे से जा टकराई, जिससे 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बोलेरो चालक समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के मुताबिक, बोलेरो लखनऊ की ओर से आ रही थी. अचानक अनियंत्रित होकर वह सड़क किनारे खड़े टैंकर में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. गाड़ी में सवार लोग अंदर ही फंस गए और चीख-पुकार मच गई.

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. लोगों ने पुलिस को सूचना दी और फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की. बाद में पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कटर की मदद से गाड़ी को काटकर घायलों को बाहर निकाला.

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

घायलों में बोलेरो चालक प्रिंस और दो बच्चे शामिल हैं. सभी को तुरंत एंबुलेंस के जरिए मिनी बाईपास स्थित नवोदय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है.

पुलिस ने बताया कि हादसे में मनमोहन सिंह, सिकन्दर, साहबजाद खान और मुमताज की पहचान हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो पाई है. पुलिस उसकी पहचान कराने की कोशिश कर रही है.

सीबीगंज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. एक ही हादसे में पांच लोगों की मौत से गांव और आसपास के लोग सदमे में हैं. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *