मुजफ्फरपुर के गरहां स्थित ‘अर्जुन बाबू पशु मेले’ में बीते बुधवार (01 अप्रैल, 2026) की शाम भोजपुरी कलाकार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम के भारी बवाल हो गया. हंगामा इतना हुआ कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. ‘हिट मशीन’ कहे जाने वाले खेसारी लाल को कार्यक्रम के बीच से ही लौटना पड़ा.
पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता रामसूरत राय द्वारा आयोजित इस मेले में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लाठीचार्ज के दौरान भीड़ ने भी पत्थरबाजी की. हिंसक झड़प में कई लोगों के चोटिल होने की खबर है.
क्यों हुआ ये हंगामा?
कहा जा रहा है कि खेसारी लाल यादव को देखने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे थे. कार्यक्रम शुरू हुआ तो खेसारी लाल यादव के फैंस रील्स बनाने के लिए और सेल्फी लेने के लिए मंच के करीब जाने की कोशिश करने लगे. मेला कमेटी के सुरक्षाकर्मियों और ग्रामीणों के बीच मामूली कहासुनी हुई. इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
यह भी पढ़ें- ‘मुझे लगा था मेरे पतिदेव…’, पवन सिंह तलाक पर अड़े, ज्योति सिंह ने क्यों बढ़ाया विवाद?
देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे. हंगामे के कारण नेशनल हाईवे पर करीब तीन से चार घंटे तक यातायात ठप रहा. घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. इसमें साफ देखा जा सकता है कि एक तरफ से सुरक्षाकर्मी भीड़ को खदेड़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ से आक्रोशित लोग उन पर पथराव कर रहे हैं.
इस मामले में मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि मेले के आयोजन के लिए अनुमति ली गई थी. 150 पुलिसकर्मी, चार थानों के प्रभारी और एक डीएसपी को तैनात किया गया था. एसएसपी ने आयोजकों पर ही अव्यवस्था का आरोप लगाया है.
चलता रहेगा मेला: रामसूरत राय
इस मामले में रामसूरत राय ने कहा, “खेसारी लाल यादव के फॉलोवर्स के कारण रील और सेल्फी के चक्कर में बैरिकेडिंग को तोड़ दिया गया. पुलिस का सहयोग रहा. कुछ घंटे कार्यक्रम चला. मेला चलता रहेगा. चिंता की बात नहीं है.”
यह भी पढ़ें- बिहार में शराबबंदी खत्म करने पर अवध ओझा का बड़ा बयान, ‘बेचें, राजस्व आता है, लेकिन…’
