India Vs Pakistan Fighter Jet: राफेल से टकराने की तैयारी में पाकिस्तान! दे दिया 70 J-10CE लड़ाकू विमानों का ऑर्डर, जानें कितने ताकतवर ये?


पाकिस्तान अपनी वायुसेना को मजबूत बनाने के लिए तेजी से काम कर रहा है. पाकिस्तानी वायुसेना अब चीन से 60 से 70 चेंगदू जे-10सीई लड़ाकू विमानों का बड़ा ऑर्डर देने के अंतिम चरण में है. अगर यह सौदा पूरा हो जाता है तो पाकिस्तान के पास कुल J-10CE विमानों की संख्या करीब 100 तक पहुंच सकती है.

Times Of Islamabad की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान का यह कदम भारत के राफेल जेट के बढ़ते बेड़े की बराबरी करने के लिए माना जा रहा है. खासतौर पर ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान देना शुरू किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, J-10CE विमानों की संख्या बढ़ाना पाकिस्तान की सैन्य रणनीति में बड़े बदलाव को दिखाता है. इसमें भारत के मुकाबले के लिए आधुनिक बियॉन्ड-विजुअल-रेंज (BVR) क्षमता वाले फाइटर जेट को प्राथमिकता दी जा रही है. J-10CE इस रणनीति का मुख्य हिस्सा है, जिसमें AESA रडार और PL-15 missile जैसी लंबी दूरी की मिसाइलें लगी होती हैं.

भारत के राफेल की कितनी ताकत 

भारत का राफेल मल्टीरोल फाइटर जेट है, जिसमें उन्नत इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, बेहतर सेंसर और गहरी मार करने की क्षमता मौजूद है. राफेल सिर्फ बड़े एयरबेस से ही नहीं, बल्कि छोटे रनवे और एयरक्राफ्ट कैरियर से भी उड़ान भर सकता है, जिससे यह हर तरह के माहौल में काम कर सकता है. राफेल की स्पीड लगभग मैक 1.8 यानी करीब 2200 किलोमीटर प्रति घंटा है. इसमें दो इंजन लगे होते हैं, जिससे इसे ज्यादा ताकत मिलती है और यह ज्यादा सुरक्षित भी रहता है. अगर पाकिस्तान के पास 100 J-10CE का बेड़ा हो जाता है तो उसकी वायुसेना ज्यादा उड़ानें भर सकेगी, बड़े स्तर पर हवाई गश्त कर सकेगी और नेटवर्क के जरिए दूर से ही उसकी हमला करने की क्षमता बढ़ जाएगी. यह उसकी स्टैंड-ऑफ वॉरफेयर रणनीति के मुताबिक है, जिसमें आमने-सामने की लड़ाई के बजाय दूर से ही निशाना बनाया जाता है.

J-10CE फाइटर जेट की खासियत

चेंगदू जे-10सीई एक सिंगल इंजन, मल्टीरोल लड़ाकू विमान है, जिसे चीन की चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन ने डिजाइन किया है. इस जेट में डेल्टा विंग और कैनार्ड डिजाइन दिया गया है, जो इसे बेहतर संतुलन और तेजी देता है. इसकी अधिकतम रफ्तार मैक 1.8 तक है. यह 4.5+ जेनरेशन का आधुनिक फाइटर जेट है, जिसे 2022 में पाकिस्तान वायुसेना में शामिल किया गया था. इसमें आधुनिक एवियोनिक्स, AESA रडार और BVR मिसाइल सिस्टम लगे हैं, जिससे यह दूर से ही निशाना बना सकता है. रफ्तार और क्षमता के मामले में इसे राफेल जैसे आधुनिक लड़ाकू विमानों के बराबर बनाने की कोशिश की गई है. फिलहाल पाकिस्तान के पास लगभग 20 J-10CE विमान मौजूद हैं, जो उसकी वायुसेना की अहम ताकत माने जाते हैं.

ये भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Collection: धुरंधर-2 की कमाई देख उड़े पाकिस्तानियों के होश, मांग रहे हिस्सा, बोले- ‘हमें भी 500 करोड़ दो…’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *