दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन तरुण कुमार (26) की हत्या के बाद पैदा हुआ तनाव अभी भी कायम है. गुब्बारे से शुरू हुई छोटी-सी बात इतनी भयानक हो गई कि एक जवान की जान चली गई और इलाका सांप्रदायिक रंग लेने लगा. इसी बीच सोशल मीडिया पर ‘खून की होली ईद पर खेलेंगे’ जैसी भड़काऊ पोस्ट और धमकियां वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और दिल्ली हाई कोर्ट ने भी दिल्ली पुलिस को ना सिर्फ ईद पर बल्कि राम नवमी तक अतिरिक्त सुरक्षा रखने के निर्देश दिए है.
जिसके बाद अब दिल्ली पुलिस ने दंगा-नियंत्रण फोर्स तैनात, ड्रोन-सीसीटीवी से निगरानी, हर एंट्री-एग्जिट पर आधार चेकिंग और फ्लैग मार्च किए जा रहा है. वहीं दिल्ली पुलिस की साइबर विंग को तफ्तीश में पता चला था कि रमजान के मद्देनजर और उत्तम नगर होली हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर कई भड़काऊ और दिल्ली और देश का माहौल खराब करने की पोस्ट वायरल की जा रही है जिसके बाद ऐसी 128 सोशल मीडिया पोस्ट लीगल एक्शन लिया गया है और उन्हें ब्लाक करवाया गया है.
सड़कों पर पुलिस का कड़ा पहरा
ऐसे में एबीपी न्यूज़ की टीम उत्तम नगर हस्ताल इलाके पहुंची तो सड़कों पर पुलिस का सख्त पहरा दिखा. एबीपी न्यूज ने बात करते हुए स्थानीय लोगों ने साफ किया कि बाहर से आए कुछ लोग और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यहां के पुराने रहने वाले हिंदू-मुस्लिम एकजुट हैं और ईद शांतिपूर्ण तरीके से मनाएंगे.
माहौल कंट्रोल में होने का दावा
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “माहौल नियंत्रण में है. फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है, अफवाहों पर सख्ती बरती जा रही है. किसी को घबराने की जरूरत नहीं. दिल्ली पुलिस मुस्तैदी से अपना काम कर रही है. स्थानीय निवासी सैयद फराज, जो दशकों से यहीं रहते हैं उन्होंने एबीपी न्यूज से कहा, “ईद के लिए पिछले कुछ दिन से माहौल ठीक है. लेकिन जो मजदूर यहां रहते थे वो डर के चलते अपने गांव लौट गए, लेकिन हम लोकल हैं और हम कल ईद पहले से बेहतर मनाएंगे.”
एक गलती ने इतना बड़ा मामला बना दिया
रामेश्वर दयाल ने एबीपी को भावुक होकर बताया कि, “ये हिंदू-मुस्लिम की लड़ाई नहीं है. एक गुब्बारे की छोटी से बात को बड़ा बना दिया है. पांच दिन यहां लॉकडाउन जैसा रहा था, लेकिन अब सब ठीक है और यहां कल नमाज होगी, ईद मनाई जाएगी और हम गले भी मिलेंगे. पुलिस ने पूरा सहयोग किया है. मैं 55-60 साल से यहां रहता हूं लेकिन कभी ऐसी बात नहीं हुई. ये मुसलमान भाई मेरे सामने है, मैं इसे भतीजा मानता हूं. उसकी दुकान पर खड़ा हूं.” यहां सब बहुत अच्छा है और आपस में हमारा भाई चारा है और रहेगा.
एक और अन्य निवासी समीर ने दिल्ली पुलिस की तारीफ करते हुए कहा कि, हमने “इतनी पुलिस कभी नहीं देखी हमारे घर की छतों पर भी तैनात है, सुबह 4 बजे से इनकी ड्यूटी शुरू हो जाएगी. हुड़दंग करने वाले को अंदर किया जाएगा. हमारे यहां हिंदू-मुस्लिम सब भाई-भाई. जय हिंद!”
बाहरी को रोकना अच्छा कदम
इसके साथ निवासी शादाब और समीर ने आधार कार्ड की चेकिंग को सही बताया, “बाहर के लोग न घुसें, इसलिए अच्छा कदम है. हर कोने पर पुलिस है यहां सब ठीक है, “हम हर साल मिलकर ईद मनाते हैं, इस बार भी यही होगा. बाहर के कुछ लोग नारे लगाकर गए, लेकिन यहां दुकानें चल रही हैं, सबका आपस में व्यापार जारी है. कुछ असामाजिक तत्व नुकसान पहुंचा सकते थे, इसलिए यहां पुलिस का रहना जरूरी है. लेकिन ये बात भी सच है कि कुछ लोग डरकर गांव चले गए और कुछ लोगों का नुकसान भी हुआ है. लेकिन हम यहीं रहेंगे ‘जय हिंद’.
