कांग्रेस ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए जारी की 55 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, पेरावूर से लड़ेंगे प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ


केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. पहली सूची में कुल 55 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ को पेरावूर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन को पारावूर से पार्टी ने फिर टिकट दिया है, वह यहीं से कांग्रेस के मौजूदा विधायक हैं. इसके अलावा रमेश चेन्निथला को हरिपद से, राम्या हरिदास को चिरयिनकीझु से मैदान में उतारा गया है.

पूर्व सीएम चांडी के बेटे पुथुपुल्ली से लड़ेंगे चुनाव

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन को वट्टीयूरकाउ से उम्मीदवार बनाया गया है. पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को पुथुपल्ली से टिकट दिया गया है. वह वर्तमान में यहां से विधायक हैं. कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने मंगलवार को ही केरल के लिए इन उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई थी.

मंगलवार को हुई थी कांग्रेस सीईसी की बैठक

मंगलवार (17 मार्च) को ही कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक हुई थी, जिसमें केरल विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों पर मंथन हुआ. इसके बाद अब उम्मीदवारों की लिस्ट जारी हुई है. बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी दीपा दासमुंशी और कई अन्य नेता शामिल हुए थे. बैठक के बाद वेणुगोपाल ने कहा, ‘पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने आज कई नामों को मंजूरी दे दी है. उम्मीदवारों के चयन के लिए जीतने की संभावना एक प्रमुख मानदंड है.’

वहीं, प्रणव वच्छराजानी (राष्ट्रीय संयोजक) और विपिन यादव (राष्ट्रीय समन्वयक) को केरल कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की आगामी चुनाव संबंधी गतिविधियों के समन्वय के लिए नियुक्त किया गया है.

केरल में कब होगा चुनाव?

आगामी केरल विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा जबकि 4 मई को परिणाम जारी किए जाएंगे. 23 मार्च से नॉमिनेशन दाखिल किए जाएंगे. इनकी स्क्रूटनी 24 मार्च को की जाएगी. 26 मार्च तक नाम वापसी की जा सकती है. 

 

 

 

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *