बिहार के रोहतास से एक अजब-गजब मामला आया है. यहां एक अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड में उसकी तस्वीर की जगह कुत्ते की तस्वीर छाप दी गई है. एक तरफ अभ्यर्थी परेशान है तो दूसरी ओर यह घटना एक बार फिर भर्ती प्रक्रिया और ऑनलाइन आवेदन प्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है.
यह घटना बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के धवा गांव निवासी रितेश कुमार के साथ हुई है. रितेश ने वर्ष 2022 में सिविल कोर्ट में चपरासी के पद के लिए आवेदन किया था. लंबे इंतजार के बाद अब जब इस भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किया गया तो देखने के बाद उनके होश उड़ गए. एडमिट कार्ड में नाम और बाकी जानकारी सही थी लेकिन उनकी फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर लगी हुई थी.
अभ्यर्थी ने बोर्ड में की शिकायत
रितेश ने इसे बोर्ड की गलती बताया. जब रितेश कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में सिविल कोर्ट के चपरासी पद के लिए आवेदन किया था. एडमिट कार्ड जारी हुआ तो डाउनलोड किया तो मेरी तस्वीर की जगह कुत्ते की तस्वीर लगी हुई थी. उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने संबंधित बोर्ड और विभाग को शिकायत भेज दी है. इस गलती को सुधारने की मांग की है, ताकि उन्हें परीक्षा देने में कोई परेशानी न हो.
यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल-LPG के संकट के बीच बिहार में उठाया गया बड़ा कदम, DM-SP को निर्देश जारी
15 मार्च को होने वाली है परीक्षा
बता दें कि सिविल कोर्ट के चपरासी पद की लिखित परीक्षा 15 मार्च को होने वाली है. रितेश का सेंटर सहरसा में है. ऐसे में एडमिट कार्ड में हुई इस गंभीर त्रुटि को लेकर वे परेशान हैं. उनका कहना है कि समय कम है और यदि इसे ठीक नहीं किया गया तो हो सकता है कि उन्हें परीक्षा केंद्र पर दिक्कत हो.
बिहार में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. कई बार जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र या फिर निवास प्रमाण-पत्र में ऐसी गलतियां देखने को मिली हैं. अब एडमिट कार्ड में हुई ऐसी गलती से फिर बिहार की किरकिरी हो रही है. देखना होगा कि बोर्ड की ओर से कब तक इस गलती को ठीक किया जाता है.
यह भी पढ़ें- बिहार: हड़ताल के बीच राजस्व विभाग के 5 अधिकारियों का त्यागपत्र स्वीकार, मचा हड़कंप
