बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस सुभाश्री गांगुली एक मुश्किल हालात का सामना करके भारत लौटी हैं. वो अपने बेटे के साथ छुट्टियां मनाने के लिए दुबई गई थीं, लेकिन इसी बीच वेस्ट एशिया में अचानक तनाव बढ़ गया. हालात ऐसे बन गए कि उन्हें करीब एक हफ्ते तक वहीं रुकना पड़ा. आखिरकार सात दिन बाद वो सुरक्षित भारत पहुंच गईं और कोलकाता एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए अपने अनुभव शेयर किए.
बेटे के साथ दुबई में फंसी सुभाश्री
उस समय तनाव बढ़ गया जब यूनाइटेड स्टेट और इजरायल ने ईरान पर हमला किया. इसके बाद ईरान ने भी जवाब में हमला किया. इस पूरी घटना के कारण गल्फ देशों के कई हिस्सों में डर का माहौल बन गया. दुबई, अबू धाबी, कतर और कुवैत जैसे शहरों में भी सुरक्षा अलर्ट की खबरें आईं. इसी बीच सुभाश्री गांगुली अपने बेटे युवान के साथ दुबई में थीं. अचानक बढ़े तनाव से कई फ्लाइट्स रद्द हुई और कुछ देर से चली. एयरस्पेस बंद होने और हवाई सेवाओं में बाधा आने की वजह से वो भारत नहीं लौट सकी और एक होटल में ही रुकना पड़ा.
7 दिन बाद भारत लौटी सुभाश्री
करीब सात दिनों के बाद आखिरकार उन्हें भारत लौटने का मौका मिला और शुक्रवार को वो कोलकाता पहुंची. एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनके लिए डरावना अनुभव था. अभी वह इतनी भावुक हैं कि उस समय के बारे में कुछ कह पाना मुश्किल है. इस समय में लोगों से मिले प्यार और समर्थन ने उन्हें हिम्मत दी. जब ये शुरू हुआ था, तब उनके पति और फिल्म निर्देशक राज चक्रबर्ती ने भी मीडिया से बातचीत की थी. उन्होंने बताया था कि उनकी पत्नी और बेटा दुबई के एक होटल में सुरक्षित हैं, लेकिन हालात को लेकर वो चिंतित है.
सुभाश्री की हिट फिल्में
सुभाश्री गांगुली के करियर की बात करें, तो वो बंगाली सिनेमा की सबसे पॉपुलर एक्ट्रेसेज में गिनी जाती हैं. उन्होंने चैलेंज, परन जय जलिया रे और धूमकेतु जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया है और अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीता है.
