चिलचिलाती धूप लेगी सब्र का इम्तिहान! दिल्ली की गर्मी ने तोड़ा साल 2023 का रिकॉर्ड, आगे क्या होगा?


फरवरी को सर्दी का महीना माना जाता था और मार्च में सुहावने मौसम की उम्मीद की जाती थी. हालांकि, अब यह उम्मीदें टूटती दिख रही हैं. दिल्ली के तापमान ने यह साबित कर दिया है कि अब मार्च में ही भीषण गर्मी से परेशान होने वाले दिन आ गए हैं. यह मार्च हाल ही के कुछ वर्षों का सबसे गर्म मार्च दर्ज किया गया है. 

हाल के वर्षों में मार्च की शुरुआत सबसे गर्म रही है. दिल्ली में न्यूनतम औसत तापमान 2023 के बाद से अब तक का सबसे अधिक 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. यह सब महीने की शुरुआती पांच दिन में ही देखने को मिल गया है, जिसके बाद लोगों की चिंता है कि आगे का पूरा महीना कैसा जाएगा? 

असामान्य रूप से गर्म रातों और दिन के हाई टेंपरेचर के कारण पारा सामान्य से काफी ऊपर चला गया. इससे पहले साल 2023 में एवरेज न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था.

आज मार्च का सबसे गर्म दिन

गुरुवार, 5 मार्च को मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा, जब अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग के मुताबिक, आज का तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 4.8 डिग्री ज्यादा रहा.

अब धीरे-धीरे बढ़ेगी गर्मी! 

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, स्काईमेट के महेश पलावत ने बताया कि अगले कम से कम 10 दिनों तक दिल्ली और पंजाब जैसे पड़ोसी राज्यों में कोई खास मौसमी गतिविधि होने की संभावना नहीं है. आने वाले दिनों में आसमान साफ ​​रहने और तेज धूप निकलने के संकेत हैं, जिससे सुबह और शाम दोनों समय तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है. आने वाले दिनों में हवा की गति भी बढ़ने की संभावना है.

आज कितना रहा दिल्ली का तापमान 

IMD ने जानकारी दी है कि दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. इसके अलावा, पालम में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 5.5 डिग्री ज्यादा रहा. न्यूनतम तापमान भी 16.1 डिग्री यानी सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक था. 

लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.4 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.0 डिग्री अधिक है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *