अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के मुस्लिम सांसदों ने प्रतिक्रिया दी हैं. उत्तर प्रदेश स्थित रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि इजरायल ने अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया है और पूरी दुनिया एक प्रभावशाली धार्मिक नेता की शहादत पर शोक मना रही है.
उन्होंने कहा कि रमजदान का महीना चल रहा है, इसलिए लोग अभी तक सब्र रखे हुए हैं, लेकिन यह सब्र एक दिन छलक सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिस निर्दयता के साथ मानवता की हत्या की गई, उसमें 150 लड़कियां एक छात्रावास में रह रही थीं और वे शहीद हो गईं. उन्होंने यह भी कहा कि इस्लाम के खिलाफ किसी साज़िश की बात बेमानी है, क्योंकि इस्लाम न कभी नष्ट हुआ है और न होगा.
ईरान पर क्या बोले इमरान मसूद?
वहीं सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि भारत शुरू से ही ईरान के साथ रहा है और भारत की विदेश नीति में ईरान का समर्थन कोई नई बात नहीं है. उन्होंने कहा कि मौजूदा घटनाओं के परिणाम देश को भुगतने पड़ सकते हैं. उनके अनुसार तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होगी, महंगाई बढ़ेगी और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी प्रभावित होंगे.
इमरान मसूद ने आगे कहा कि अली खामेनेई का निधन दुनिया के लिए एक सबक है. उन्होंने कहा कि आज यह खामेनेई के साथ हुआ, निकोलस मादुरो के साथ हुआ और कल किसी के साथ भी हो सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा प्रतीत होता है मानो अमेरिका को यह खुली छूट मिल गई है कि वह जहां चाहे, जब चाहे, जिसे चाहे निशाना बना सकता है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारत खुद को विश्व गुरु कहता है तो क्या वह अपने मित्र की मृत्यु पर दो शब्द शोक के भी नहीं कह सकता और यह डर व दहशत क्यों है.
