पवन सिंह के राज्यसभा जाने की चर्चा पर खेसारी लाल यादव का आया बयान, बोले- ‘जाएं, बेहतर काम करें’


बिहार में इन दिनों राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरम है. बिहार की 5 सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले संभावित उम्मीदवारों के नाम को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं चल रही हैं. खास तौर पर भोजपुरी सिनेमा से जुड़े चेहरे को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल और तेज हो गई है.

इसी बीच अभिनेता और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता खेसारी लाल यादव ने गायक-अभिनेता पवन सिंह के राज्यसभा जाने की खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. खेसारी लाल यादव ने कहा, “उन्हें बधाई. जाएं, बेहतर काम करें.” उन्होंने आगे कहा, “मैं जहां हूं बहुत खुश हूं और मुझे यहीं रहना है.” उनके इस बयान को सियासी तौर पर काफी अहम माना जा रहा है.

बिहार की 5 सीटों पर राज्यसभा चुनाव

बिहार की 5 सीटों पर राज्यसभा के चुनाव होने हैं. 16 मार्च को मतदान होगा. नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 5 मार्च तय की गई है. खास बात यह है कि 4 मार्च को होली है, यानी होली के अगले दिन ही नामांकन की अंतिम तारीख होगी.

चुनाव की तारीख नजदीक आते ही सभी दलों ने अपने-अपने स्तर पर रणनीति बनानी शुरू कर दी है. संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर अंदरखाने बैठकों का दौर जारी है.

पवन सिंह को लेकर पहले भी उठी थी चर्चा

पवन सिंह को लेकर इससे पहले भी सियासी चर्चा जोर पकड़ चुकी है. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी यह बात सामने आई थी कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) उन्हें मैदान में उतार सकती है. कहा जा रहा है कि विधानसभा चुनावों के दौरान बीजेपी ने उनसे वादा किया था कि उन्हें राज्यसभा भेजा जाएगा. उसी दौरान पवन सिंह ने बीजेपी के समर्थन में प्रचार भी किया था. हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन चर्चाओं का बाजार गर्म है.

खेसारी ने रखा सधा हुआ रुख

खेसारी लाल यादव के बयान को काफी संतुलित माना जा रहा है. उन्होंने न तो किसी तरह की आलोचना की और न ही किसी तरह की टिप्पणी से कोई विवाद खड़ा किया. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि राज्यसभा के लिए किन नामों पर अंतिम मुहर लगती है. आने वाले कुछ दिन बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *