बेंगलुरु के जेसी. नगर पुलिस ने अमेरिका में रहने वाले एक NRI को अवैध रूप से गोला-बारूद रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी ने कथित तौर पर शहर के एक लग्जरी होटल के कमरे में सात जिंदा कारतूसों से भरी हैंडगन मैगजीन छोड़ दी थी. यह मामला तब सामने आया जब जयमहल पैलेस होटल के मैनेजर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई.
पुलिस के अनुसार, आरोपी 27 अप्रैल 2026 की रात होटल में ठहरा था और अगले दिन चेक-आउट कर चला गया. होटल छोड़ने के कुछ समय बाद उसने खुद होटल प्रबंधन से संपर्क कर बताया कि वह गलती से अपने कमरे में गोला-बारूद की मैगजीन छोड़ गया है. होटल स्टाफ ने कमरे की जांच की, जहां से Ruger कंपनी की मैगजीन बरामद हुई, जिसमें सात जिंदा गोलियां मौजूद थीं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होटल प्रबंधन ने आरोपी से कई बार संपर्क कर मैगजीन ले जाने को कहा, लेकिन वह वापस नहीं आया. इसके बाद संदेह होने पर होटल मैनेजर ने जे.सी. नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर Arms Act के तहत मामला दर्ज किया गया.
प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान 34 वर्षीय अरमान के रूप में हुई. पुलिस ने उसे 6 मई 2026 को पूछताछ के लिए बुलाया. पूछताछ के दौरान वह गोलियों और मैगजीन से जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया, जिसके बाद पुलिस ने Ruger मैगजीन और कारतूस जब्त कर लिए.
पूछताछ के दौरान क्या बोला आरोपी
पूछताछ में अरमान ने दावा किया कि मैगजीन गलती से उसके सामान में रह गई थी. उसने बताया कि अमेरिका में उसके पास लाइसेंसी हैंडगन है. पुलिस के मुताबिक, वह मूल रूप से बेंगलुरु का रहने वाला है, लेकिन बाद में अमेरिका जाकर वहां की नागरिकता ले चुका है. उसके रिश्तेदार अब भी बेंगलुरु में रहते हैं.
अब पुलिस यह जांच कर रही है कि वह अमेरिकी एयरपोर्ट सुरक्षा जांच से गोला-बारूद लेकर भारत तक कैसे पहुंच गया. आरोपी को 7 मई 2026 को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया. रिमांड खत्म होने के बाद 14 मई को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. जांच के तहत पुलिस ने उसका पासपोर्ट, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य यात्रा दस्तावेज भी जब्त कर लिए हैं.
यह भी पढ़ें : ‘एजेंट झुक गया, अभिषेक बनर्जी…’, फाल्टा उपचुनाव लड़ने से जहांगीर के इनकार पर BJP का रिएक्शन, TMC बोली- ये दादागिरी
