महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव को लेकर विपक्षी खेमे महाविकास अघाड़ी (MVA) के दलों खींचतान जारी है. संख्याबल के मुताबिक महाराष्ट्र की एक राज्यसभा सीट पर MVA को जीत मिल सकती है. लेकिन उम्मीदवार कौन होगा, इसकी तस्वीर अभी साफ नहीं है. इस बीच कांग्रेस ने गुरुवार (26 फरवरी) को एक सीट पर अपना दावा ठोक दिया. कांग्रेस की दलील है कि वो राष्ट्रीय पार्टी है और ऐसे में उनका एक सीट पर हक बनता है. बता दें कि कुछ दिनों पहले शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने राज्यसभा सीट पर ‘पहला अधिकार’ जताया था.
मुंबई में MVA के दलों ने की बैठक
कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (यूबीटी) के गठबंधन एमवीए के वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को मुंबई में आगामी राज्यसभा चुनाव और सीट आवंटन पर विचार-विमर्श करने के लिए एक बैठक की. बैठक के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने पत्रकारों से कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते कांग्रेस ने प्रस्ताव रखा है कि राज्यसभा सीट उसे दिया जाए.
बातचीत के माध्यम से हल हो जाएगा- वडेट्टीवार
वडेट्टीवार ने कहा कि NCP (SP) अपने पार्टी आला कमान से परामर्श करेगी, जबकि शिवसेना (UBT) भी अपना रुख स्पष्ट करेगी. वडेट्टीवार ने भरोसा जताया कि राज्यसभा और महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए सीट बंटवारे का मुद्दा बातचीत के माध्यम से हल हो जाएगा. उन्होंने कहा कि सभी दल अपने-अपने नेतृत्व के साथ परामर्श करेंगे, जिसके बाद ही अंतिम निर्णय पर पहुंचा जाएगा.
MVA एकजुट होकर लड़ेगी चुनाव- वडेट्टीवार
उन्होंने कहा, ‘‘वैसे तो शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस दोनों ने इस सीट पर दावा किया है, लेकिन एमवीए एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी. तीनों पार्टियों की सहमति से ही उम्मीदवार का चयन किया जाएगा.’’ उन्होंने बताया कि राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पांच मार्च तक दाखिल किए जा सकते हैं और गठबंधन सहयोगियों से चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा. वडेट्टीवार ने कहा कि अगर गठबंधन साथ मिलकर चुनाव लड़ता है तो एमवीए की जीत निश्चित है.
नासिक जिले के मालेगांव कस्बे में नगर निगम कार्यालय के अंदर कथित तौर पर नमाज अदा करने की घटना के बारे में पूछे जाने पर वडेट्टीवार ने कहा कि सड़कों पर इस तरह के कार्य नहीं किए जाने चाहिए. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि रमजान के दौरान रोजा रखने वालों के लिए समय पर नमाज अदा करना महत्वपूर्ण होता है.
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे का अनावश्यक रूप से राजनीतिकरण किया जा रहा है और समाज को धार्मिक आधार पर बांटने की कोशिश की जा रही है.
महाराष्ट्र से कौन-कौन हो रहे रिटायर?
अप्रैल में, एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी, एनसीपी (SP) की फौजिया खान, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई-अठावले) के रामदास अठावले, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के भागवत कराड, कांग्रेस की रजनी पाटिल और एनसीपी के धैर्यशील पाटिल का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा.