KKR VS RCB: पहले रन पर झूमे Virat Kohli, शतक पर रहे शांत, अब खुद बताई इसके पीछे की वजह


आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े खिलाड़ी मुश्किल समय में ही सबसे मजबूत वापसी करते हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में विराट ने शानदार शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई. इस मैच से पहले विराट लगातार दो मुकाबलों में बिना खाता खोले आउट हुए थे. ऐसे में जब उन्होंने केकेआर के खिलाफ अपना पहला रन लिया तो उसका सेलिब्रेशन देखकर स्टेडियम में मौजूद फैंस भी मुस्कुरा उठे. सोशल मीडिया पर भी यह पल तेजी से वायरल हो गया.

शतक पूरा होने पर क्यों रहे शांत?

जहां पहला रन लेने के बाद विराट काफी भावुक दिखे, वहीं शतक पूरा होने पर उनका रिएक्शन बिल्कुल शांत था. मैच खत्म होने के बाद उन्होंने इसकी वजह भी बताई. विराट ने कहा कि उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से ज्यादा टीम की जीत मायने रखती है. उन्होंने कहा कि पिछले दो मैचों में रन नहीं बनाने के कारण वह खुद पर थोड़ा दबाव महसूस कर रहे थे. हालांकि उन्होंने इस दबाव को कमजोरी नहीं बल्कि खुद को बेहतर बनाने का जरिया माना. विराट के मुताबिक दबाव खिलाड़ी को ज्यादा मेहनत करने और अपने खेल में सुधार करने के लिए प्रेरित करता है.

यह भी पढ़ें- 2 ‘डक’ से हुआ था 3.15 करोड़ का नुकसान, विराट कोहली ने एक शतक से कर दी पूरी भरपाई! समझिए कैसे

टीम को जीत दिलाना था सबसे बड़ा लक्ष्य

विराट कोहली ने मैच में 60 गेंदों पर 105 रन की शानदार पारी खेली. उनकी इस इनिंग में 11 चौके और 3 लंबे छक्के शामिल रहे. विराट अंत तक टिके रहे और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाकर ही वापस लौटे. उन्होंने मैच के बाद कहा कि शतक उनके लिए उतना महत्वपूर्ण नहीं था, जितना मैच को खत्म करके टीम को जीत दिलाना. यही कारण था कि सेंचुरी के बाद भी उन्होंने ज्यादा जश्न नहीं मनाया.

यह भी पढ़ें- ‘ऐसी बल्लेबाजी नहीं चलेगी’ SRH की शर्मनाक हार के बाद भड़के श्रीकांत; अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड को लगाई फटकार

RCB ने 6 विकेट से जीता मुकाबला

रायपुर में खेले गए इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 192 रन बनाए थे. टीम के लिए अंगकृष रघुवंशी ने 71 और रिंकू सिंह ने 49 रन की अहम पारी खेली. इसके जवाब में आरसीबी ने विराट कोहली की बेहतरीन सेंचुरी की बदौलत 5 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत के साथ आरसीबी ने प्लेऑफ की रेस में खुद को और मजबूत कर लिया.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *