‘आप भी एक मां के बेटे हैं…’, अमृतपाल को पंजाब वापस लाने को लेकर CM भगवंत मान के सामने भावुक हुईं मां


पंजाब के खडूर साहिब से सांसद और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है. जेल में बंद अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत हिरासत खत्म होने के बावजूद उनके बेटे को असम से पंजाब वापस क्यों नहीं लाया जा रहा है.

मुख्यमंत्री भगवंत मान इन दिनों ‘शुकराना यात्रा’ कर रहे हैं. यह यात्रा बेअदबी विरोधी कानून लागू किए जाने के बाद लोगों का आभार जताने के लिए निकाली जा रही है. इसी दौरान बलविंदर कौर मुख्यमंत्री के वाहन के करीब पहुंच गईं.

‘रत्ती भर सबूत है तो गिरफ्तार करो’, पंजाब में बम धमाकों के आरोपों पर BJP ने किया बड़ा दावा

घटना का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में बलविंदर कौर मुख्यमंत्री से कहती सुनाई दे रही हैं, “मेरी बात एक मिनट सुनिए. आप भी एक मां के बेटे हैं. मैं अमृतपाल की मां हूं. एनएसए के तहत उनकी हिरासत समाप्त हो जाने के बावजूद आप अमृतपाल को पंजाब क्यों नहीं लाते?”

उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं.

असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं अमृतपाल

बता दें कि अमृतपाल सिंह को अप्रैल 2023 में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार किया गया था. तब से वह असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं.

हालांकि 22 अप्रैल 2026 को उनकी एनएसए के तहत हिरासत समाप्त हो गई थी, लेकिन अगले ही दिन उन्हें 2023 के अजनाला थाने पर हमले के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल वह डिब्रूगढ़ जेल में ही बंद हैं और उसी मामले में कार्रवाई चल रही है.

हाईकोर्ट ने वर्चुअल पेशी के दिए थे निर्देश

पिछले महीने पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट ने पंजाब सरकार की याचिका पर सुनवाई करते हुए निर्देश दिया था कि अमृतपाल सिंह को इस मामले में अमृतसर की निचली अदालत में वर्चुअल तरीके से पेश किया जाएगा.

पंजाब में तस्करों की खैर नहीं! CM मान ला रहे नया कानून, नहीं मिलेगी थाने से जमानत

गौरतलब है कि 23 फरवरी 2023 को अजनाला थाने पर हुए हमले के बाद पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया था. करीब एक महीने तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने उन्हें 23 अप्रैल 2023 को मोगा जिले के रोडे गांव से गिरफ्तार किया था.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *