पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद सपा प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव बंगाल पहुंचे. उन्होंने गुरुवार (7 मई) को तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी से मुलाकात की. अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी को दीदी हमेशा से खटकती रही हैं. अखिलेश का मानना है कि भले ही इस बार आंकड़े पक्ष में न रहे हों, लेकिन ममता बनर्जी ने एक योद्धा की तरह मुकाबला किया है. उनके इसी बयान पर बीजेपी विधायक दिलीप घोष ने तंज कसा.
क्या बोले दिलीप घोष?
अखिलेश यादव की ममता बनर्जी से मुलाकात पर बीजेपी विधायक दिलीप घोष ने कहा, “दीदी (ममता बनर्जी) भ्रम की स्थिति में हैं और लोग आकर उनके दिमाग में झूठी उम्मीदें भर रहे हैं, वह इसे समझ नहीं पा रही हैं.” उन्होंने कहा कि लोग उन्हें हवा देकर जा रहे हैं और वो समझ ही नहीं पा रही हैं. उन्होंने आगे कहा कि जब वो (ममता बनर्जी) जमीन पर गिरेंगी ना, तो इतनी चोट लगेगी कि वो जिंदगी भर नहीं मिटेगी.”
#WATCH | Kolkata, West Bengal | On SP Chief Akhilesh Yadav meeting Mamata Banerjee, BJP leader Dilip Ghosh says, “…Mamata Banerjee is in a state of illusion and people are coming and filling her head with false hopes, she isn’t able to understand this.” pic.twitter.com/lkmvD6OwIi
— ANI (@ANI) May 8, 2026
दीदी आप हारी नहीं हैं- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव को रिसीव करने ममता बनर्जी खुद गेट तक आईं और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने अखिलेश को गले लगाकर उनका स्वागत किया. इस मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी को शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया और कहा कि दीदी आप हारी नहीं हैं. अखिलेश ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के हौसले की तारीफ करते हुए कहा कि आप लोगों ने जिस तरह से चुनाव लड़ा, वह वाकई काबिले तारीफ है.
अखिलेश यादव ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला. अखिलेश यादव ने बंगाल चुनाव के नतीजों और चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के झूठ ‘सोन पपड़ी’ की तरह हैं, जहां एक के ऊपर एक झूठ की परतें जमाई जाती हैं.
इसके अलावा अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए. सपा प्रमुख ने विधानसभा चुनाव के दौरान हुई हिंसा और धांधली को लेकर कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और वह बीजेपी संग मिलकर काम कर रहा है. अखिलेश यादव ने यहां तक कह दिया कि आयोग मर चुका है.
ये भी पढ़ें
