इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक ब्लास्ट, धुआं-धुआं केबिन, इमरजेंसी एग्जिट से स्लाइड्स के जरिए यात्रियों को निकाला


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • विमान की सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग, वायुसेना की दमकल टीम भी पहुंची।

चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार (5 मई, 2026) की दोपहर उस वक्त काफी ज्यादा अफरा-तफरी जैसी स्थिति देखने को मिली, जब एक फ्लाइट के केबिन में धुआं भरने के कारण विमान की लैंडिंग कराई गई और सभी यात्रियों को इमरजेंसी एग्जिट से स्लाइड्स के जरिए बाहर निकाला गया.

दरअसल, इंडिगो एयरलाइन की एक फ्लाइट 6E 108 (HYD-IXC), जो हैदराबाद से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी, में बीच हवा में ही एक यात्री के पावर बैंक में ब्लास्ट हो गया और धुआं निकलने लगा. पावर बैंक से धुआं निकलता देख यात्री ने इसकी जानकारी तुरंत फ्लाइट क्रू को दी. फ्लाइट क्रू ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फायर एक्सटिंगशर्स के जरिए पावर बैंक में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन इसकी वजह से फ्लाइट के केबिन में पूरी तरह से धुआं भर गया और यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया.

198 यात्री, दो छोटे बच्चे और 6 क्रू सदस्य विमान में थे सवार

इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट 6E 108 (HYD-IXC) में कुल 198 यात्री, दो छोटे बच्चे और 6 क्रू सदस्य सवार थे. इसके घटना के बाद विमान को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सुरक्षित रूप से चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारा गया. एहतियात के तौर पर तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू किए गए. विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद करीब 3:35 बजे क्रू सदस्यों ने इमरजेंसी एग्जिट खोला और सभी यात्रियों को स्लाइड्स के जरिए बाहर निकाला गया.

फ्लाइट की लैंडिंग के बाद पहुंची वायुसेना की फायर टेंडर टीम

फ्लाइट की लैंडिंग और सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकालने के बाद दोपहर करीब 3:38 बजे भारतीय वायु सेना की फायर टेंडर टीम भी मौके पर पहुंची. हालांकि, उसकी जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि विमान के क्रू सदस्यों की तत्परता से स्थिति पहले ही कंट्रोल में आ चुकी थी.

इवैकुएशन के दौरान महिला का पैर फ्रैक्चर, चल रहा इलाज

एक यात्री सौरभ आचार्य ने बताया कि वह अपनी पत्नी ऋचा आर्या और दो बच्चों के साथ इस विमान से यात्रा कर रहे थे. उन्होंने कहा कि जब केबिन क्रू सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाल रहा था, तब स्लाइड्स के जरिए नीचे उतरते वक्त ऋचा का पैर मुड़ गया और पैर में फ्रैक्चर आ गया. फिलहाल उनका इलाज जीरकपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

एयरलाइन ने जारी किया आधिकारिक बयान

इस घटना के बाद इंडिगो एयरलाइन ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है. इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा, ‘5 मई 2026 को हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 108 के लैंडिंग के बाद खड़े होने के दौरान एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में आग लगने की घटना सामने आई. सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत विमान को खाली कराया गया और सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचित किया गया.’

उन्होंने कहा, ‘सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से टर्मिनल तक पहुंचा दिया गया है और उनकी देखभाल के लिए टीम मौजूद है, ताकि उनके स्वास्थ्य और सुविधा का ध्यान रखा जा सके. विमान को दोबारा संचालन में लाने से पहले जरूरी जांच की जाएगी. इंडिगो में हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है.’

यह भी पढे़ंः ‘जनता ने दोनों हाथ उठाकर हमें आशीर्वाद दिया’, बंगाल चुनाव में प्रचंड जीत के बाद बोले केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *