‘आशिकी’ से सुपरस्टार बने राहुल रॉय ने 11 दिन में साइन की थीं 47 फिल्में, लगातार 25 फ्लॉप ने बर्बाद कर दिया


बॉलीवुड एक्टर राहुल रॉय आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने अपनी बेहतरीन एक्टिंग के दम पर इंडस्ट्री में अलग जगह तो बनाई, लेकिन कुछ समय बाद वो लाइमलाइट से दूर हो गए. 1990 में आई फिल्म ‘आशिकी’ से उन्हें जबरदस्त पॉपुलैरिटी हासिल हुई थी. हालांकि, इसके बाद उनका करियर उस ऊंचाई तक नहीं पहुंच पाया, जिसकी दर्शकों को उम्मीद थी. साल 2007 में ‘बिग बॉस’ के पहले सीजन का अवॉर्ड जीतने के बाद वो एक बार फिर चर्चा में आए, लेकिन कुछ समय बाद फिर अचानक गायब हो गए.

रातोरात आशिकी ने बनाया सुपरस्टार
‘आशिकी’ के साथ राहुल रॉय ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था. महेश भट्ट की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म ने उन्हें रातोरात स्टार बना दिया था, वो युवा दिलों की धड़कन बन गए थे. अनु अग्रवाल के साथ उनकी जोड़ी सुपरहिट हो गई थी. दोनों सितारों ने पहली फिल्म से ही धमाल मचा दिया था.

11 दिन में राहुल रॉय ने साइन की थीं 47 फिल्में
90 के दशक में अपनी पहली ही फिल्म ‘आशिकी’ से रोमांस के बादशाह बनने वाले राहुल रॉय इतने सुपरहिट हो गए थे कि उन्होंने 11 दिन में 47 फिल्में साइन कर ली थीं, लेकिन एक दिन ऐसा भी आया कि जब इंडस्ट्री के साथ-साथ दर्शकों ने भी उन्हें दरकिनार कर दिया. 

ये भी पढ़ें:- ‘क्या ही मजबूरी रही होगी’, ‘आशिकी’ फेम राहुल रॉय का कंटेंट क्रिएटर संग रील वीडियो, यूजर्स हुए परेशान

बॉलीवुड हंगामा के साथ एक इंटरव्यू में राहुल रॉय ने कहा था, ‘आशिकी 6 महीने तक हाउसफुल चलती रही, लेकिन इसका फायदा मुझे नहीं मिला. मैं परेशान होकर महेश भट्ट के पास पहुंचा. उन्होंने कहा लोग अभी मुझे देख रहे हैं. हुआ भी ऐसा ही. 6 महीने बाद मेरे पास लगातार फिल्मों के ऑफर आने लगे. महज 11 दिनों में मैंने 47 फिल्में साइन कर ली. एक दिन में तीन-तीन फिल्मों की शूटिंग करता था. बाद में मुझे ऐसा लगा कि मैंने बहुत सी फिल्में साइन कर ली, लेकिन एक साथ करना काफी मुश्किल है. इसके बाद मैंने 21 प्रोड्यूसरों के पैसे वापस कर दिए.’

राहुल रॉय की लगातार 25 फिल्में फ्लॉप
‘आशिकी’ के बाद राहुल रॉय ने ‘गजब तमाशा’, ‘सपने साजन के’, ‘फिर तेरी कहानी याद आई’, ‘गेम’, ‘गुमराह’, ‘मझधार’, ‘नसीब’ और ‘अचानक’ जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं कर पाई. उनकी लगातार 25 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर मुंह के बल गिरीं. लगातार फ्लॉप होने के बाद धीरे-धीरे राहुल रॉय फिल्मों से साइड होने लगे.

राहुल का करियर बर्बाद हुआ
बतौर एक्टर राहुल रॉय ने अपनी एक्टिंग जिंदा रखने की पूरी कोशिश की. फिल्मों के बाद उन्होंने टीवी का रुख किया और कई सीरियल में काम भी किया. साल 2007 में उनकी किस्मत फिर पलटी, जब उन्होंने ‘बिग बॉस’ का पहला सीजन जीता, हालांकि, ट्राफी जीतने के बाद भी राहुल रॉय को उसका कुछ बड़ा फायदा नहीं मिला. 

ब्रेन स्ट्रोक से निकले
राहुल रॉय साल 2020 में LAC-Live The Battle in Ladakh की शूटिंग कर रहे थे, तब उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उन्हें ट्रीटमेंट के लिए श्रीनगर से एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया था. मुश्किल वेदर के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. इस दौरान उनकी बहन प्रियंका रॉय और जीजा रोमवीर सेन ने उनकी देखभाल की. उनकी बहन ने ही बताया था कि अस्पताल के बिल सलमान खान ने चुकाए थे. 

अब रील्स बनाकर कर रहे गुजारा
अब राहुल रॉय एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं. दरअसल, उन्हें हाल ही में कंटेंट क्रिएटर डॉ. वनिता घगड़े देसाई के साथ वीडियो बनाते हुए देखा गया. उनके वीडियो पर कई यूजर्स ने हैरानी जताई है. लोग पूछ रहे हैं कि आखिर राहुल रॉय की क्या मजबूरी रही होगी. हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में राहुल रॉय ने डांस वीडियो पर रिएक्ट किया. उन्होंने कहा, ‘ये वीडियो वायरल तो नहीं हुआ है, लेकिन ये एक मजबूरी थी. अब मैं ऐसा दोबारा नहीं करूंगा. आप सभी का शुक्रिया.’

राहुल रॉय ने शेयर किया पोस्ट
इसके बाद राहुल रॉय ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया और लिखा, ‘मैं अपना काम ईमानदारी और विनम्रता से करता हूं. मुझे कुछ कानूनी मामलों का भुगतान करना है और ये आज के नहीं हैं. ये उस समय के हैं, जब ब्रेन स्ट्रोक नहीं हुआ था. अगर आप मेरी सादगी या मेरी परेशानियों का मजाक उड़ाते हैं, ट्रोल करते हैं, तो यह मेरे बारे में कम और आपके बारे में ज्यादा बताता है.’

ये भी पढ़ें:- Salman Khan ने चुकाए थे ब्रेन स्ट्रोक के बाद राहुल रॉय के अस्पताल के बिल, बोले – ‘वो इंडस्ट्री के रियल स्टार हैं’

वो लिखते हैं, ‘अगर आपको सच में इतनी चिंता है, तो मुझे कोई अच्छा और सही काम दिलाने में मदद कीजिए, ताकि मैं अपने केसों का भुगतान कर सकूं. कम से कम मैं मेहनत करके कमा रहा हूं, दूसरों का मजाक उड़ाकर नहीं.’ उन्होंने आगे लिखा ‘ब्रेन स्ट्रोक के बाद मेरे लिए सक्रिय रहना जरूरी है. मैं जब तक जिंदा हूं, तब तक काम करना चाहता हूं. इससे मेरा दिमाग एक्टिव रहता है और मुझे यह एहसास व जिम्मेदारी मिलती है कि मैं आज भी काम कर रहा हूं. हां, इससे कभी-कभी थोड़ा दुख हो सकता है, लेकिन आप मुझे तोड़ नहीं सकते.’ बता दें कि राहुल रॉय की पोस्ट पर अनुपम खेर, सोनू सूद और फराह खान ने कमेंट किया है. 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *