गुजरात के वलसाड जिले के कपराडा तालुका के वीरक्षेत्र के पास बुधवार (22 अप्रैल) को एक भीषण हादसा हो गया, जहां एक पिकअप गाड़ी के पलट जाने से उसमें सवार 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ को गंभीर और कुछ को मामूली चोटें आई हैं.
12 लोगों की हालत नाजुक
परिवार ‘आणु’ (सामाजिक/पारिवारिक कार्यक्रम) से वापस अपने गांव लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ. इस दुर्घटना में परिवार और रिश्तेदारों के शिकार बनने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. हादसे में 12 घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत इलाज के लिए वलसाड सिविल अस्पताल रेफर किया गया.
ये भी पढ़ें: गुजरात में 2,500 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी, 3 बैंक अधिकारी गिरफ्तार, अब तक 20 लोग दबोचे
पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख
इस हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जाहिर किया है. उन्होंने पीएमओ के एक्स हैंडल पर लिखा, “गुजरात के वलसाड में हुई दुर्घटना में लोगों की जान जाने की घटना अत्यंत दुखद है. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”
इस वजह से हुआ हादसा
यह दुर्घटना ढलान वाले रास्ते पर चालक के स्टेयरिंग से नियंत्रण खो देने के कारण हुई, जिससे पिकअप गाड़ी पलट गई. मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए लोग गिरनारा गांव के निवासी थे, जो कोलवेरा ‘आणु’ कार्यक्रम में गए थे और वहां से लौटते समय यह घटना हुई.
घटना की जांच शुरू
इस हादसे के पीछे चालक की लापरवाही को कारण माना जा रहा है. साथ ही चालक के नशे में होने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं. कपराडा पुलिस ने इस मामले में आवश्यक कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है.
