सम्राट चौधरी ने बुधवार (15 अप्रैल, 2026) को लोकभवन में बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. शपथ के बाद सम्राट चौधरी ने मीडिया से कहा कि मैं आज से ही बिहार के लिए काम करना शुरू कर दूंगा. बिहार में सिर्फ मोदी-नीतीश मॉडल ही चलेगा.
दूसरी ओर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज (बुधवार) पार्टी कार्यालय भी गए. यहां उन्होंने मीडिया से कहा, “बिहार के विकास के लिए काम करना है. जिन कार्यकर्ताओं के बल पर बीजेपी बनी… सबके सहयोग से… सबका अभिवादन स्वीकार करने आया हूं. लोगों से मिलने आया हूं.”
यह भी पढ़ें- सम्राट के पीछे 3 बड़े नेताओं का हाथ! बेटे के मुख्यमंत्री बनने पर क्या बोले पिता शकुनी चौधरी?
हर तरफ से मिल रही है बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण पर उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश ने कहा, “नई सरकार का गठन हो गया है, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नए उपमुख्यमंत्री को भी शुभकामना और बधाई है. बिहार में जिस प्रकार से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में काम होता आया है, बिहार के लिए जो उन्होंने लक्ष्य तय किया था, निश्चित तौर पर सरकार और अधिक ऊर्जा के साथ उस लक्ष्य की प्राप्ति करेगी.”
बीजेपी नेता राम कृपाल यादव ने सम्राट चौधरी के बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर कहा, “उन्हें बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं. उनके नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ेगा और विकसित होगा. पीएम मोदी और नीतीश कुमार का सपना साकार होगा…”
दूसरी ओर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने सम्राट चौधरी के बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर कहा, “भारतीय जनता पार्टी को सौभाग्य मिला है कि एनडीए के मुख्यमंत्री का पद बीजेपी को मिला है. यह एक NDA सरकार है और यह नीतीश कुमार के काम को आगे बढ़ाएंगे…”
यह भी पढ़ें- ‘एक आंख से सुख के आंसू, दूसरे से…’, जीतन राम मांझी ने सम्राट चौधरी के लिए क्या कहा?
