बिहार में एनडीए की नई सरकार बनने से पहले जेडीयू को टेंशन देने वाली खबर सामने आई है. सियासी हलचल के बीच जेडीयू विधायक अमरेंद्र पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय की मुश्किलें बढ़ गई हैं. गोपालगंज की पुलिस ने कुचायकोट विधानसभा के विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय, उनके भाई सतीश पांडेय और सीए राहुल तिवारी के विरुद्ध गैरजमानतीय वारंट जारी किया है.
गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी ने विधायक और उनके भाई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमों को रवाना कर दिया है. इस खबर के सामने आने के बाद सियासी गलियारे में खलबली मच गई है.
यह भी पढ़ें- भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव के लिए NDA ने किया उम्मीदवार का ऐलान, इस नेता पर लगाया दांव
क्या है मामला?
एसपी विनय तिवारी के मुताबिक कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में भू-माफिया द्वारा जमीन कब्जा करने और उन्हें संरक्षण देने के आरोप में विधायक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है. उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है. फिलहाल पुलिस दबिश के कारण विधायक और उनके भाई भूमिगत हो गए हैं.
जितेंद्र कुमार राय ने दर्ज कराई है शिकायत
बता दें कि कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन कब्जा करने के आरोप में मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव के रहने वाले जितेंद्र कुमार राय ने एक अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इस मामले में पुलिस ने सीवान के रहने वाले भू-माफिया भोला पांडेय सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा था. इसी केस में विधायक और उनके भाई पर साजिशकर्त्ता के आरोप में अभियुक्त बनाया गया है.
माना जा रहा है कि विधायक पप्पू पांडेय और उनके भाई सहित सीए की गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है. विधायक पप्पू पांडेय जेडीयू से पहले अन्य पार्टी में रह चुके हैं. इन पर पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. देखना होगा कि गिरफ्तारी के लिए बनी टीम को कब तक सफलता मिलती है.
यह भी पढ़ें- CM पर सस्पेंस के बीच संजय झा के बयान ने चौंकाया, बोले- ‘नीतीश कुमार बिहार में रहकर सरकार का…’
