LPG गैस सिलेंडर पर कितना टैक्स वसूलती है सरकार, ये हट जाए तो कितनी हो जाएगी कीमत?


LPG Cylinder Booking Tax: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के चलते गैस सप्लाई पर गंभीर असर पड़ रहा है. इसका सीधा प्रभाव भारत में LPG की कीमतों पर देखने को मिल रहा है. हाल ही में सरकार ने घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए थे, जिसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ रहा है, लेकिन इसी बीच चैंबर ऑफ ट्रेड इंडस्ट्री ( CTI) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेटर लिखकर LPG और PNG को टैक्स-फ्री करने की मांग की है.

CTI का कहना है कि अगर इन पर लगने वाले टैक्स को हटा दिया जाए तो गैस की कीमतों में गिरावट आएगी, जिसके चलते आम लोगों को काफी राहत भी मिल सकती है.

फिलहाल घरेलू LPG सिलेंडर पर 5 प्रतिशत GST लगाया जाता है तो वहीं कमर्शियल सिलेंडर पर 18 प्रतिशत तक GST वसूला जाता है. वहीं अगर हम बात करें PNG की तो अभी तक यह GST के दायरे में नहीं है और इस पर राज्य सरकारें अलग-अलग दरों से VAT लगाती हैं, जो लगभग 3 प्रतिशत से 14.5 प्रतिशत तक होता है. उदाहरण के तौर पर दिल्ली में PNG पर 5 प्रतिशत वैट लागू है.

GST हटने पर LPG होगा सस्ता

घरेलू LPG सिलेंडर: अभी दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये है. GST हटने पर यह लगभग 870 रुपये रह जाएगी, यानी करीब 43 रुपये सस्ती होगी.

कमर्शियल सिलेंडर: दिल्ली में इसका दाम 2078 रुपये है. GST हटने के बाद यह लगभग 1760 रुपये हो जाएगा, यानी करीब 318 रुपये की बचत होगी.

GST हटाने से लोगों को मिलेगी राहत

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने सरकार से अपील की है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए टैक्स में राहत दी जानी चाहिए. उनका मानना है कि इससे न सिर्फ आम उपभोक्ताओं को फायदा होगा, बल्कि छोटे व्यवसायों को भी राहत मिलेगी. वहीं संगठन के अन्य पदाधिकारियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के कारण वैश्विक तेल और गैस बाजार में अस्थिरता आई है, जिससे भारत में भी मांग बढ़ी है. 

खासकर दिल्ली में PNG कनेक्शनों की संख्या में तेजी से वृद्धि देखी गई है. फरवरी 2026 में जहां रोजाना करीब 686 नए कनेक्शन जुड़ रहे थे, वहीं मार्च तक यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 2000 प्रतिदिन हो गया. कुल मिलाकर,अगर सरकार एलपीजी और पीएनजी पर टैक्स में छूट देती है तो इससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *