ईरान अमेरिका युद्धविराम के बाद पाकिस्तान के इस्लामाबाद में ईरान का प्रतिनिधिमंडल पहुंच चुका है. ईरान का कहना है कि वार्ता तभी होगी जब अमेरिका सभी शर्तों को मान लेगा. इस पर बिहार में बीजेपी के मंत्री राम कृपाल यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि युद्ध रुकना अच्छा कदम है. कोई भी किसी पर जबरदस्ती कोई कानून नहीं थोप सकता. सबकी राय से कोई काम होता है.
उन्होंने कहा कि इस वार्ता में सब लोग मंथन करेंगे और सबका यही प्रयास है कि युद्ध रहे. क्योंकि युद्ध देश के लिए विनाशकारी होता है. खासतौर पर खाड़ी युद्ध का पूरी दुनिया पर असर पड़ा है. हम लोग चाहते हैं कि युद्ध रुके और भाईचारे का माहौल स्थापित हो. साथ ही शांति-सद्भाव पैदा हो ताकि पूरी दुनिया में इसका जो इसका असर पड़ा है वह कम हो.
अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान पर क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर इस्लामाबाद में बातचीत विफल रही तो फिर से ईरान पर हमला करेंगे. इस पर राम कृपाल यादव ने कहा कि इस तरह का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है.
नीतीश कुमार के राज्यसभा में शपथ लेने पर क्या बोले?
नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है. इस पर मंत्री ने कहा कि उन्हें बहुत सारी शुभकामनाएं और बधाई. नए दायित्वों के रूप वह वापस आए हैं. उन्होंने प्रदेश की बहुत सेवा की है और प्रदेश को बहुत ऊंचाइयों पर पहुंचाया है. आगे भी प्रदेश की सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा. उन्होंने आगे कहा कि एक बार फिर नीतीश कुमार अपनी प्रतिभा से देश और प्रदेश को लाभ पहुंचाने का काम करेंगे.
अमित शाह के ‘न जनता-न ममता’ वाले नारे पर दी प्रतिक्रिया
मंत्री राम कृपाल यादव ने बंगाल में अमित शाह द्वारा दिए गए ‘न जनता-न ममता’ वाले नारे पर कहा कि ममता बनर्जी गईं. वहां पर निश्चित तौर पर बीजेपी की सरकार बनेगी और बंगालवासियों को कुशासन से मुक्ति मिलेगी.
उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह से बंगाल की जनता के साथ अत्याचार और भ्रष्टाचार हुआ है. बंगाल की जनता सरकार बदलने को बैचेन है. उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में अपने मत के माध्यम से ममता दीदी को बंगाल की जनता समाप्त कर देगी.
कन्हैया कुमार के बयान पर क्या कहा?
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने हाल ही में एक बयान में कहा, “सबसे बड़ा घुसपैठिया गुजरात से आया है”. इस पर राम कृपाल यादव ने कहा कि कन्हैया कुमार अभी बच्चे हैं, उन्हें कोई जानता नहीं है. इस तरह का बयान उचित नहीं है. उन्हें सीमा में रहना चाहिए.
वहीं तेजस्वी यादव द्वारा नीतीश कुमार पर दिए गए बयान पर कहा कि बीजेपी एक ऐसी पार्टी है, जिसने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिना शर्त के लगातार अपना समर्थन दिया. लंबे समय से नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार चलती रही है. कहीं से किसी का कोई दवाब नहीं है. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव और आरजेडी के कुछ नेताओं का कलेजा फट रहा है. उनको यह अच्छा लग रहा है.
ये भी पढ़ें: जहानाबाद: स्कूल कैंटीन का गार्ड ही निकला मासूम का कातिल, कुकर्म के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार
