मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार मंगलवार (07 अप्रैल, 2026) को सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की. पूजा-पाठ करने के साथ उन्होंने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया. इस दौरान निशांत ने मीडिया के सवालों का भी जवाब दिया. साथ ही जनता से अपील की कि पार्टी पर आगे भी भरोसा बना रहे.
‘इस बार काफी दिनों बाद आशीर्वाद लेने आया’
निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भगवान का आशीर्वाद लेने आया हूं. 20 साल पहले का जिक्र किया और कहा कि मैं अक्सर आता था. बताया कि इस बार काफी दिनों बाद आशीर्वाद लेने आया हूं.
पत्रकारों ने सवाल किया कि बाबा से क्या मांगे? इस पर निशांत ने हंसते हुए जवाब दिया, “सब भगवान की कृपा है.” पूछा गया कि यहां जो भी आते हैं मंत्री पद के लिए आते हैं, आपकी क्या इच्छा है? निशांत ने फिर दोहराया, “ठीक है… ठीक है… सब भगवान की कृपा है.” इस तरह का जवाब देकर वे खुलकर कुछ बोलने से साफ बचते नजर आए.
यह भी पढ़ें- बिहार: जीतन राम मांझी का छलका दर्द, ‘अफसोस है कि NDA के मित्रों ने हमें कम करके आंका और…’
पिता के काम की निशांत ने की तारीफ
बता दें कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाने वाले हैं. 10 अप्रैल को वे शपथ लेने वाले हैं. ऐसे में निशांत कुमार ने पिता के राज्यसभा जाने वाले फैसले पर कहा, “मैं उनके फैसले को स्वीकार करता हूं.” आगे निशांत ने पिता नीतीश कुमार के कामकाज की तारीफ में कहा, “बिहार की जनता के लिए उन्होंने (नीतीश कुमार) जो 20 साल से काम किया है वो बिहार की जनता भूल नहीं सकेगी… मैं जनता से यही अपील करना चाहता हूं कि जिस तरह से हमारे पिताजी पर विश्वास था उसी तरह से मुझ पर और पार्टी पर विश्वास आगे भी बना रहे.”
‘दूसरा कोई नीतीश मिल जाए ये संभव नहीं’
दूसरी ओर जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने भी मंगलवार को बड़ा बयान दिया. वे नालंदा पहुंचे थे. यहां उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार जी ने तीन शब्द में कहा है, मैं हूं न… दूसरा कोई नीतीश कुमार मिल जाए यह संभव नहीं है. हमारी पार्टी को निशांत कुमार के हाथों सौंप दिया है.”
यह भी पढ़ें- बिहार में नई सरकार की कवायद शुरू, 8 अप्रैल को नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक, हो सकते हैं ये फैसले
